
सरैया थाना क्षेत्र के बनिया गांव में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया गया। गांव के सत्येंद्र कुमार सिंह उर्फ डोनाल्ड ने अपनी दो मासूम बेटियों समेत पांच की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर डीएम धर्मेद्र सिंह, एसएसपी रंजीत कुमार मिश्रा समेत आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बारे में कहा जा रहा है कि सत्येंद्र की पत्नी करीब एक वर्ष पूर्व घर से भाग गई थी। उसे शक था कि इसके पीछे पड़ोस के हरिनारायण सिंह के पुत्र का हाथ है। इसका जिक्र उसने सुसाइड नोट में भी किया। इसी बात को लेकर वह प्रतिशोध की आग में जल रहा था। आज दोपहर करीब डेढ़ बजे वह नाइन एमएम की पिस्टल के साथ पड़ोसी हरिनारायण सिंह के घर पहुंचा। उसे यह सूचना थी कि बुधवार को हरिनारायण का बड़ा पुत्र रामबाबू सिंह आया था। घर में घुसते ही उसने सबसे पहले वृद्ध हरिनारायण को सिर में सटा कर गोली मार दी।
माना जा रहा है कि गोली की आवाज सुनकर वहां पहुंची लक्ष्मी देवी को इसके बाद उसने भून दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट से घर का नौकर शिवदयाल भी दौड़ा। सत्येंद्र ने उसकी भी घर के बाहर हत्या कर दी। जिन दो बेटियों के दर-दर भटकने के दर्द से सत्येंद्र पागल हो गया था, उसकी भी उसने घर पहुंच कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी उड़ा लिया। पुलिस को उसके शव के नीचे दबी पिस्टल की मैगजीन में दो व जेब से 21 कारतूस मिले। इसे देखते हुए माना जा रहा है कि उसने पूरे परिवार की हत्या की तैयारी कर रखी थी।
इनकी हुई मौत
इन पांच लोगों की हत्या हुई
हरिनारायण सिंह, पत्नी लक्ष्मी देवी व नौकर शिवदयाल, हत्यारे की आठ व दस साल की दो बेटियां-गोल्डी व बुलबुल। छठा हत्यारा सत्येंद्र ने खुद को गोली से उड़ाया।
=



