
वेस्ट बोकारो।
लोगों के बीच सड़क सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं आम लोगों से जुड़े अन्य विषयों के बारे में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से टाटा स्टील के सुरक्षा विभाग ने झारखंड प्रशासन के साथ मिलकर टाटा स्टील ऑडिटोरियम में एक बहू आयामी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को किया ।


रामगढ़ जिले की उपायुक्त सुश्री राजेश्वरी बी ने मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में भाग लिया, जबकि श्री संजय रंजन सिंह, पुलिस अधीक्षक (यातायात), रांची, श्री संजीव कुमार डीटीओ, रामगढ़, श्री शशि प्रकाश एसडीपीओ, रामगढ़, श्री संजय कुमार सिंह, महाप्रबंधक कोल, टाटा स्टील सम्मानित अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में उपस्थित थे। इस अवसर पर श्री मोहन महतो, अध्यक्ष, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (आरसीएमएस), श्रीमति किरण यादव, प्रिंसिपल टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल सहित टाटा स्टील और यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित थे ।
कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, अवसाद और देशभक्ति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों के बारे में आम लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाना था। इस सत्र में समाज मे बढ़ रही चोरी, दुर्घटनाएं आदि जैसी घटनाओं पर भी प्रकाश डाला गया।
झारखंड फिल्म और थियेटर अकादमी, रांची के छात्रों ने सड़क सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, देशभक्ति जैसे विभिन्न मुद्दों पर हास परिहास पूर्ण नाटक के माध्यम से दर्शकों को बांधे रखा ।
श्रीमति राजेश्वरी बी ने सिक्योरिटी और सेफ्टी की तरफ आम आदमी की भूमिका पर ज़ोर दिया । उन्होंने बच्चों से आग्रह किया की सुरक्षा का यह संदेश वो अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों के बीच फैलाएँ । डीसी ने कहा की जिला प्रशासन ने जिले में कुछ ‘ब्लैक स्पॉट’ की पहचान की है जहां दुर्घटना अक्सर होती है और हम इसके लिए समाधान ढूंढने पर काम कर रहे हैं।
श्री संजय कुमार सिंह, जीएम कोल, टाटा स्टील ने कहा की “सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण अज्ञानता है और उचित जागरूकता ही इस मुद्दे का एकमात्र समाधान है”। श्री सिंह ने कहा कि माता-पिता को सड़क सुरक्षा में पहला कदम उठाना चाहिए और 18 साल के होने से पहले उन्हें अपने बच्चों को वाहन या मोबाइल नहीं देना चाहिए।
दर्शकों को अपने प्रेरक भाषण में संजय रंजन सिंह, पुलिस अधीक्षक (यातायात), रांची ने कहा, “विफलता ही सफलता का आधार है और हमें अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का निरंतर प्रयास करना चाहिये चाहे मार्ग में कितनी भी बधाएं हों ।”
इस अवसर पर श्री संजीव कुमार डीटीओ, रामगढ़ ने भी सड़क सुरक्षा और हो रही दुर्घटनाएं और इससे बचाव के बारे में बताया।
सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने में योगदान के लिए झारखंड फिल्म और थियेटर अकादमी, रांची के छात्रों को इस समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन , मनोज कुमार सिंह, हेड, सिक्योरिटी , कोल के नेतृत्व में टाटा स्टील के सिक्योरिटी विभाग द्वारा किया गया ।

