
नयी दिल्ली।


टाटा स्टील के नोआमुंडी आयरन माइन ने छठे फिक्की (फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स ऐंड इंडस्ट्री) सेफ्टी सिस्टम्स एक्सेलेंस अवार्ड में माइनिंग सेक्टर के वृहत्त आकार की श्रेणी में रजत पुरस्कार जीता।
23 अगस्त को फिक्की द्वारा फिक्की हाउस, नयी दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह में श्री निर्मल भट्टाचार्या, हेड (प्रोसेसिंग प्लांट) ओएमक्यू, टाटा स्टील और श्री जय नरेंद्र प्रताप सिंह, सीनियर मैनेजर, सेफ्टी, ओएमक्यू, टाटा स्टील ने कंपनी की ओर से श्री मंगू सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया।
श्री पंकज सतीजा, जेनरल मैनेजर, ओर माइंस ऐंड क्वैरी, टाटा स्टील ने पुरस्कार मिलने पर हर्ष और गर्व व्यक्त करते कहा, ’’सुरक्षा की दिशा में अपने प्रयासों के लिए यह पुरस्कार प्राप्त कर हम गौरवांवित हुए हैं। हम अपने सभी संचालन स्थलों में अपने कर्मचारियों और समुदाय की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के प्रति कटिबद्ध हैं। टाटा स्टील में सबसे पहले सुरक्षा आती है और यह हमारे व्यापार का एक अभिन्न अंग है। हम अपने सभी संचालनों में एक टिकाऊ सुरक्षा संस्कृति सृजित करने की प्रक्रिया में हैं।‘‘
वर्षों से पुरस्कारों ने कंपनियों को अपने क्षेत्र में उद्योग के सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा अभ्यास और प्रणालियां अपनाने के लिए प्रेरित करते रहे हैं। ‘छठा फिक्की सेफ्टी सिस्टम्स एक्सेलेंस अवार्ड’ भी कार्यस्थल में सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सम्मानित करने और पुख्ता सुरक्षा प्रणालियों को स्थापित करने के लिए आयोजित किया गया।
इस पुरस्कार का उद्देश्य पर्याप्त उपायों के माध्यम से अपने कर्मचारियों के कल्याण की दिशा में किसी संस्थान की दिलचस्पी का मूल्यांकन करना है। इसके अलावा, यह न केवल नियंत्रक आवश्यकताओं के लिए, बल्कि प्रभावकारी सुरक्षा और स्वास्थ्य उपायों के माध्यम से श्रमबल की पर्याप्त सुरक्षा के प्रति प्रबंधन की प्रतिबद्धता को भी परखता है। पुरस्कार के लिए तीन चरणों की सख्त प्रक्रिया के बाद विजेता का चयन किया जाता है। इस प्रक्रिया में आवेदन का मूल्यांकन, ऑन-साइट ऑडिट और जूरी के समक्ष अंतिम प्रस्तुतिकरण शामिल होते हैं।

