
धनबाद ।मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में 2022 तक झारखंड देश भर में नंबर वन राज्य बन जाएगा। रांची के नगड़ी में टाटा कंपनी जहां कैंसर अस्पताल खोलेगी वहीं बोकारो व जमशेदपुर में मणिपाल का मेडिकल कॉलेज खुलेगा। झारखंड को मेडिकल हब बनाने की घोषणा करते हुए सीएम ने कहा कि 67 साल में जहां राज्य में 3 मेडिकल कॉलेज खुले थे वहीं पिछले तीन साल में तीन और नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं। तीनों में इसी सत्र में पढ़ाई शुरू हो जाएगी। नमो केयर के तहत झारखंड में केंद्र सरकार दो मेडिकल कालेज खोलेगी। वर्ष 2019-20 तक पांच नए मेडिकल कॉलेज चालू हो जाएंगे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को बरटांड में धनबाद के पहले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के उद्घाटन के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। एशियन हेल्थकेयर ग्रुप का यह देश का छठा अस्पताल है। मौके पर सीएम ने स्वस्थ, विकसित और समृद्ध झारखंड बनाने के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में निवेश करने वालों को प्रोत्साहन और सहयोग की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पीपीपी मोड पर 50 सीटों का मेडिकल कॉलेज खोलने पर 20 करोड़ और 100 सीटों का मेडिकल कॉलेज खोलने पर 30 करोड़ अनुदान मिलेगा। साथ ही 50 प्रतिशत की सब्सिडी पर राज्य सरकार जमीन भी मुहैया कराएगी। जमीन की शेष 50 प्रतिशत कीमत दस किस्तों में पांच वर्ष में देय होगी। आने वाले तीन महीने में प्रथम चरण में 28 सौ और द्वितीय चरण में 17 सौ एएनएम की नियुक्ति की जाएगी।


