
घटना से आक्रोशित बस्तीवासियों ने बिजली कार्यालय पर प्रदर्शन किया


बिजली कार्यालय में बीयर की बोतलें देख बस्तीवासी और भड़क गये
जमशेदपुरः मानगो के डिमना बस्ती में सुबह साढ़े आठ बजे 11 केवी का जर्जर हाई टेंशन तार के गिर जाने से बस्ती की एक महिला समेत दो बच्चा झुलस गया. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचा कर इलाज कराया गया. इधर इस घटना से आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग से सब डिविजन कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. करीब दो घंटे तक कार्यालय पर जम कर बस्तीवासियों ने बवाल काटा. प्रदर्शन के दौरान जब बस्तीवासियों ने कार्यालय में बीयर व शराब की बोतलें देखीं, तो और भड़क गये, विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ जम कर नारेबाजी की.
बाद में जब इसकी जानकारी विद्युत विभाग के महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता को जानकारी दी गयी, तो उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय एसडीओ को घटना स्थल पर भेजा. एसडीओ ने तत्काल झूलते तारों के नीचे जाली (गार्ड वायर) लगाने का आश्वासन बस्तीवासियों को दिया. साथ ही त्वरित गति से कार्य भी शुरू कर दिया, तो बस्तीवासियों का आंदोलन वापस हुआ.
गौरतलब है कि बस्तीवासियों द्वारा विभाग को लगातार इस बात की जानकारी दी जा रही थी कि हाई टेंशन (11केवी) तार जर्जर हो गये हैं व जब तब टूट कर गिर जा रहे हैं, जिससे जान-माल का खतरा हरवक्त बना रहता है, लेकिन विभाग इसे गंभीरता नहीं लिया, जिसका परिणाम हुआ मंगलवार को बच्चे व एक महिला घायल हो गयी.

