
फिर भी प्रशासन का रवैया सख्त, टेल्को कॉलोनी के स्कूलों के समीप वाहनों की धड़-पकड़ की गयी
संवाददाता
जमशेदपुरः लगातार पिछले तीन दिनों से चलाये जा रहे स्कूली वाहन चालकों के खिलाफ चलाये जा रहे छापामारी अभियान शुक्रवार को भी जारी रही. उधर प्रशासन के इस कार्रवाई के खिलाफ स्कूली वाहन चालकों ने मोरचा खोल दिया है और अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार से बेमियादी हड़ताल पर चले गये. टेल्को कॉलोनी क्षेत्र के स्कूलों में क्षमता से अधिक बच्चों को ले जा रहे करीब 20 वाहनों को जब्त कर लिया गया. अब तक करीब साठ वाहनों को जब्त कर उनके खिलाफ जुर्माना लगाया गया है. इससे स्कूली वाहन चालकों-मालिकों में हड़कंप मच गया है.
अभिभावक हुए परेशान, खुद बच्चों को ढो कर ले गये स्कूल
उधर अचानक स्कूली वाहन मालिकों –चालकों की हड़ताल के कारण अभिभावकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी. उन्हें सुबह- सुबह बच्चों को खुद ही भागते-दौड़ते स्कूल पहुंचाना पड़ा. साथ ही उन्हें लाना पड़ा. हालांकि जिनके पास दो पहिया या चार पहिया वाहन थे, उन्हें तो कोई खास परेशानी नहीं हुर्ई, जिनके पास वाहन नहीं थे, उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी. लिफ्ट लेकर बच्चों को पहुंचाना पड़ा. कई स्कूली बच्चों के स्कूल ही छूट गये, वे नहीं जा पाये. जिन कारण स्कूलों की उपस्थिति पर असर पड़ा.
छापामारी जारी रहेगी, बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीः डीटीओ
इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) संजय पीएम कुजूर ने कहा है कि छापामारी अभियान जारी रहेगी. बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा. पुराने व जर्जर वाहनों से बच्चों को कोच-कोच कर लाया- ले जाया जा रहा है. इसे बरदास्त नहीं किया जायेगा. जो भी कानून सम्मत कार्रवाई होगी की जायेगी.



