
संवाददाता
जमशेदपुरः आखिर बहुप्रतीक्षित वेस्टर्न कॉरिडोर का सपना साकार हुआ. हालांकि इसे पूरा करने में वक्त काफी लगा. कई प्रकार की बाधाओं को पार कर मंजिल मिली. अवैध बस्तियों मे रहनेवाले हजारों लोगों ने इसका विरोध किया. राजनीतिक दलों के नेताओं ने खूब रोटियां सेकीं. लेकिन अंततः यह सड़क बन कर तैयार हो ही गयी.

आइये जानते हैं कि वेस्टर्न कॉरिडोर है क्या
वेस्टर्न कॉरिडोर फोर लेन सड़क है, जिसकी लंबाई करीब 11 किमी है, जबकि चौड़ाई 21 मीटर है. दो जगहों पर सर्विस लेन भी है, जिसकी लंबाई 4 किमी है, जबकि चौड़ाई पांच से सात मीटर है. यह सड़क आदित्यपुर टोल ब्रिज से लेकर साकची पंप हाउस तक बनायी गयी है. इस रोड की डिजाइन इस प्रकार से की गयी है कि इस पर भारी वाहन 50 किमी की स्पीड से चल सकते हैं, जबकि सर्विस रोड की स्पीड 30 किमी तक है. इस सड़क पर बड़े जक्सन छह हैं, जबकि छोटे जक्सन सात है. सड़क चूंकि सुवर्णरेखा नदी के किनारे से गुजरती है इस कारण 650 मीटर का रिवर प्रोटेक्शन गैवियन वॉल बनाया गया है. साथ ही आरसीसी रिटेनिंग वॉल भी तैयार किया गया है, जिसकी लंबाई 1020 मीटर है. सड़क पर 550 एलइडी लाइट लगायी गयी है, जिसकी छटा शाम के बाद देखते बनती है. इस सड़क के बन जाने से भारी वाहनों का परिचालन अब शहर के बीच से चलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी.
दस शौचालय के युनिट बना है
11 किलो मीटर के सड़क के किनारे काफी बस्तियां बनी हुई हैं. लोग इस सड़क के पार करके नदी आते जाते हैं.इसमे सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती हैं. इसको देखते हुए टाटा स्टील नें 10 शौचालय के निर्माण किया गया है इसमे महिला पुरुष के लिए हर शौचालय में चार चार टोय़लेट और दो दो स्नान घर बनाए गए है।

