
जमशेदपुर।
दुर्गा पूजा विसर्जन और मोहर्रम साथ साथ पड़ रहा है , दोनों समुदायों में सौहार्द्र और बेहतर समन्वय का माहौल रहे इसके लिए उपायुक्त श्री अमित कुमार ने आज शनिवार को अपने सभाकक्ष में शहर के विभिन्न इमामों, सदर सहित मुस्लिम समुदाय के विभिन्न गणमान्य धार्मिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। सभी ने एकमत से उपायुक्त को आश्वस्त किया कि मुहर्रम के सभी अखाड़े अपने जुलूस आदि के कार्यक्रम दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन के उपरांत ही करेंगे। प्रशासनिक अधिकारीयों की तरफ से उन्हे बताया गया कि विसर्जन का कार्य 30 सितम्बर को हो जायेगा। अखाड़ों के प्रतनिधियों ने अपने सुझाव और शिकायतें भी प्रशासन के समक्ष रखी। जिस पर श्री कुमार ने आश्वस्त करते हुए कहा कि त्योहारों पर सुरक्षा और जन सुविधाएँ पूरी तरह दुरुस्त रहेंगी। उन्होंने शहर के नागरिकों से अपील की कि दोनों त्योहारों को शांति , सद्भाव और समरसता के साथ मनाएं। इस अवसर पर एसएसपी अनूप टी मैथ्यू , एडीएम सुबोध कुमार , कार्यपालक मजिस्ट्रेट संजय कुमार भी मौजूद थे।

