
टाटा स्टील झारखंड में और निवेश करेः रघुवर दास
जमशेदपुरः मुख्यमंत्री रघुवर दास ने टाटा स्टील से आग्रह किया कि वह झारखंड में और निवेश करे, ताकि यहां के लोगों को अधिक से अधिक रोजगार मिल सके. यह बात श्री दास ने यहां टाटा स्टील का बहुप्रतीक्षित वेस्टर्न कॉरिडोर के उद्घघाटन करने के बाद आयोजित एक भव्य समारोह में कही. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में संसाधनों की कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में झारखंड देश का नंबर वन राज्य बन जायेगा. झारखंड का कायाकल्प हो जायेगा, जबकि अगले एक दशक में झारखंड दुनिया का नंबर वन राज्य हो जायेगा. झारखंड ने विकास की गति पकड़ ली है. श्री दास ने कहा कि अडानी ने पचास हजार करोड़ का निवेश करने का एमओयू किया है. टाटा स्टील को भी राज्य में और निवेश करने का प्रस्ताव लाना चाहिए.

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जो सपना है सबका साथ सबका विकास, झारखंड में इसे साकार करना है. प्रधानमंत्री के इस विजन को लेकर झारखंड विकास के रास्ते पर चल पड़ा है.
वेस्टर्न कॉरिडोर के बन जाने पर श्री दास ने कहा कि इसके बन जाने से निश्चित तौर पर जमशेदपुरवासियों को काफी लाभ मिल जायेगा. इसके लिए टाटा स्टील प्रबंधन की सराहना भी की.
टाटा स्टील रांची में टीसीएस की शाखा खोले
रघुवर दास ने अपने संबोधन में टीवी नरेंद्रन से कहा कि वे टाटा स्टील के चेयरमैन साइरस मिस्त्री के समक्ष प्रस्ताव रखें कि वे रांची में टीसीएस की एक शाखा खोलें.
इस मौके पर टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने कहा कि टाटा स्टील शुरू से ही विकास कार्यों लगती रहती है. भविष्य भी में वह इस रास्ते पर चलती रहेगी. श्री नरेंद्रन ने कहा टाटा स्टील शहर का और विकास करना चाहती है, जिसके लिए शहरवासियों के सहयोग की जरूरत है. उन्होंने शहरवासियों से सहयोग की अपील की.
इस मौके पर सांसद विद्युत महतो ने भी संबोधित किया. मंच पर टाटा स्टील के पूर्व प्रबंध निदेशक डॉ जेजे ईरानी, डॉ टी मुखर्जी, सिंहभूम चैंबर ऑफ चैंबर एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष सुरेश संथालिया समेत कई गणमान्य मौजूद थे.
सरयू राय मौजूद नहीं थे
वेस्टर्न कॉरिडोर जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आता है. इस क्षेत्र के विधायक सरयू राय हैं, लेकिन वे इस कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे. यह चर्चा का विषय बना. हालांकि इस संबंध में सूत्रों ने बताया कि चूंकि सरयू राय हजारीबाग के प्रभारी हैं और वहां प्रधानमंत्री का कार्यक्रम है, सो वे हजारीबाग में हैं. इस कारण वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके. वैसे यह भी विदित है कि सरयू राय व रघुवर दास के बीच किस प्रकार का रिश्ता है.

