
जमशेदपुर।


खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री सरयू राय ने आज गांधी जयंती के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड की लावा पंचायत के बेलटांड़ गांव तथा बोड़ाम प्रखंड स्थित बोड़ाम बस्ती से राशन वितरण समीक्षा अभियान की शुरुआत की। मंत्री के साथ विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी विन्देश्वरी ततमा तथा जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह भी थे। बोड़ाम में तो पहली बार किसी मंत्री के पहुंचने पर भारी संख्या में लोग जमा हो गये थे।
दोनों स्थानों पर मंत्री ने स्वयं लाभुकों की शिकायतों को सुना। हालांकि शिकायतों की संख्या काफी कम थी। कुछ लाभुकों की शिकायत थी कि उनका पहले अंत्योदय कार्ड था मगर अब उन्हें पीएच सूची में डाल दिया गया है। कार्ड रद्द करने और नाम जोड़ने तथा कहीं-कहीं राशन कम देने जैसी समस्याएं भी लोगों ने बताईं। बोड़ाम बस्ती के लोगों ने गेहूं देने की मांग रखी।
मंत्री ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को इन शिकायतों की सुनवाई 10 दिन के अंदर करने का निर्देश दिया।लोगों को संबोधित करते हुए श्री राय ने कहा कि वे विभाग के टोल फ्री नम्बर पर 18002125512 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राशन आपका अधिकार है। दुकानदार से एक छटांक भी चावल कम न लें। रसीद जरूर लें। कोई अगर आपको कार्ड रद्द करने की बात कहता है तो डरें नहीं। कोई आपका कार्ड रद्द नहीं करा सकता।
दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने मंत्री के सामने अपनी बात कही।

