
मुआवजा के लेकर थाना प्रभारी पर लगाया वादा खिलाफी का आरोप


मामला तीन दिन पूर्व टाटा स्टील परिसर में ठेकाकर्मियों की मौत का
जमशेदपुरः टाटा स्टील परिसर में तीन दिन पूर्व आम के पेड़ से गिर कर हुई एक ठेकाकर्मी की मौत को लेकर भारतीय जनता युवा मोरचा (भाजयुमो) ने बिष्ट्पुर थाना प्रभारी पर मुआवजा दिलाने में वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए रविवार को थाना परिसर में हंगामा किया. भाजयुमो का कहना था कि थाना प्रभारी द्वारा तीन दिनों से लगातार वार्ता के लिए थाना पर बुलाया जा रहा था पर बार-बार कोई न कोई बहाना बना कर वार्ता करने से इनकार कर दिया जाता था. इसी मामले को लेकर भारतीय जनता युवा मोरचा जिला अध्यक्ष रतन महतो अपने समर्थकों के साथ बिष्टुपुर थाना पहुंचे और जम कर हंगामा किया. हालांकि थाना प्रभारी द्वारा एक बार आश्वासन दिये जाने के बाद परिजन शांत हुए,लेकिन परिजनों का साफ तौर पर कहना है कि जब तक मुआवजा की घोषणा नहीं होगी, तब तक शव को उठने नहीं दिया जायेगा.
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को ठेकाकर्मी कौशिक, जो एसजीवाई ठेका कंपनी में कार्यरत था, वह परिसर स्थित स्ट्रक्चर शॉप कैंटीन के समीप एक आम के पेड़ से आम तोड़ने के क्रम में गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. इधर ठेकाकर्मी की मौत पर एमजीएम अस्पताल में परिजनों तथा अन्य लोगों ने जम कर हंगामा किया. उनका कहना था कि जब कौशिक आम पेड़ पर चढ़ रहा था, तो वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी क्या कर रहे थे, उन्होंने उक्त मजदूर को रोका क्यों नहीं.

