

● प्रत्याशियों ने तेज़ किया जनसंपर्क अभियान
जमशेदपुर।
भाषा और प्रांतवाद के बंधन तोड़कर ब्राह्मण समाज को संगठित करने के प्रयास से ब्राह्मण युवा शक्ति संघ द्वारा पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित कराए जा रहे संघ के सांगठनिक चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किए सभी पाँच उम्मीदवारों ने अपने पक्ष में ब्राह्मण मतदाताओं को रिझाने को जनसंपर्क अभियान में तेज़ी लायी हैं । गुरुवार को नामित उम्मीदवारों में विजय प्रकाश पाठक,सतीश तिवारी,सुनील शर्मा,रितेश दुबे तथा प्रमोद मिश्रा ने क्रमशः अपने चुनाव चिन्हों शंख,पुस्तक,तुलसी,रुद्राक्ष तथा रक्षा सूत्र के लिए लोगों के घर-घर जाकर मताग्रह किया । संघ की ओर से ज़ारी प्रेस विज्ञप्ति में चुनाव निर्वाचन मंडली के सदस्य अप्पू तिवारी ने संबंधित जानकारियाँ दी । कहा कि आगामी 8 जनवरी को बाराद्वारी स्थित स्वर्णवर्णिक समाज भवन में आयोजित मतदान को लेकर औपचारिक तैयारियाँ पूर्ण की जा रही है । कहा कि चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने अपनी ज़ोर आजमाइश तेज़ कर दी है तथा शहर के ब्राह्मणों में भी युवा अध्यक्ष के चयन को लेकर उत्सुकता है । इस चुनाव में 18 वर्ष पूर्ण कर चुके पूर्वी सिंहभूम ज़िले के सभी ब्राह्मण अपना मत प्रयोग कर सकेंगे । कहा कि शुक्रवार को नामित उम्मीदवारों एवं उनके प्रस्तावकों संग निर्वाची मंडली की बैठक बुलाई गयी है जिसमें 8जनवरी के चुनाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे ।

