
जमशेदपुर।


बीते दिनों बहरागोड़ा और चाकुलिया थाना क्षेत्र में घटित विभिन्न मामलों में स्थानीय पुलिस की संदिग्ध और असहयोग की भूमिका को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी के नेतृत्व में पार्टी के एक शिष्टमंडल ने बुधवार को जिले के वरीय आरक्षी अधीक्षक अनूप टी. मैथ्यूज़ से मुलाकात कर संबंधित मामलों की ओर ध्यानाकृष्ट कराया। भाजपा नेताओं ने एसएसपी से बहरागोड़ा काॅलेज परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों पर असमाजिक तत्वों द्वारा किए गए हमले के जिम्मेदार अपराधियों पर शीघ्र कारवाई करने तथा अभाविप एवं स्थानीय भाजयुमो नेताओं पर लगाए गए झूठे मामले की जाँच कराने समेत निरस्त करने के अलावे चाकुलिया में दुर्गोत्सव से पूर्व शांतिप्रिय लोगों पर लगाए गए शांति भंग करने के निराधार आरोपों में दर्ज़ अप्राथमिकी को निरस्त करने की मांग की। संबंधित शिकायतों के आलोक में एसएसपी श्री मैथ्यूज़ ने उक्त मामलों की जाँच वरीय अधिकारियों से कराने को आश्वस्त किया। शिष्टमंडल मंडल में घाटशिला के विधायक लक्ष्मण टुडु, ग्रामीण जिला अध्यक्ष सरोज महापात्रा,महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, पूर्व महानगर अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह,चन्द्रशेखर मिश्रा एवं नन्दजी प्रसाद,भाजयुमो के प्रदेश महासचिव गुंजन यादव तथा भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश शर्मा, अभाविप से राजीव कुमार समेत काफ़ी संख्या में चाकुलिया निवासी शामिल थें।

