
जमशेदपुर ।


टाटा स्टील के लांग प्रोडक्ट्स यूरोप बिजनेस ने आज स्टील प्लेट का उत्पादन बंद करने के प्रस्तावों की घोषणा की।
यह कदम सस्ते आयातों, खासकर चीन से, पाउंड के मूल्य में वृद्धि एवं बिजली की उच्च लागत की वजह से बाजार की परिस्थितियों में आये बदलाव की प्रतिक्रिया में उठाया गया है।
इनके परिणामस्वरूप, टाटा स्टील को अपने लांग प्रोडक्ट्स यूरोप बिजनेस में बदलाव करने को विवश होना पड़ा है। इन प्रस्तावित बदलावों की वजह से 1,200 नौकरियों में कमी आयेगी – तकरीबन 900 स्कनथॉर्प में एवं 270 स्कॉटलैंड में तथा लांग प्रोडक्ट्स यूरोप से अन्य साइट पर छोटी संख्या में। स्कनथॉर्प, डाल्जेल एवं क्लाइडब्रिज में प्लेट मिल्स को मोथबॉल (अस्थायी रूप से बंद) कर दिया जाएगा, जबकि स्कनथॉर्प स्टीलवर्क्स के दो में से एक कोक अोवन को बंद कर दिया जाएगा।
कार्ल कोहलर, टाटा स्टील के यूरोपीय ऑपरेशन्स के चीफ एक्जीक्यूटिव, ने कहा: “मुझे यह अहसास है कि यह खबर सभी प्रभावित लोगों के लिए कितनी कष्टकारी होगी। इन बदलावों को प्रस्तावित करने से पूर्व हमने अन्य सभी विकल्पों पर गौर किया है।
“हम प्रभावित कर्मचारियों और उनके ट्रेड यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम करेंगे। हम जहां भी संभव होगा कर्मचारियों को फिर से काम पर लगाने और कर्मचारी की कठिनाइयों को यथासंभव कम करने की कोशिश करेंगे।
“ब्रिटेन का इस्पात उद्योग बाजार की बेहद चुनौतीपूर्ण स्थितियों की वजह से अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहा है। ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को पुनर्संतुलित करने में इस उद्योग की भूमिका अहम होगी, पर विकास को प्रोत्साहित करने के लिए हमें एक ज्यादा न्यायपूर्ण व्यवस्था की जरूरत है। यूरोपीय आयोग को गलत तरीके से किये जानेवाले आयात से निपटने के लिए और काफी ज्यादा कुछ करना होगा – निष्क्रियता की वजह से पूरे यूरोपीय इस्पात उद्योग के भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है।
पिछले दो वर्षों में, यूरोप में स्टील प्लेट का आयात दुगना हो गया है और चीन से होनेवाला आयात चार गुना हो गया है, जिसकी वजह से स्टील की कीमत में काफी तेज गिरावट आयी है। दूसरी ओर, पाउंड का मूल्य बढ़ने की वजह से यूरोप को किये जानेवाले निर्यातों की प्रतिस्पर्द्धात्मकता कम हुई है और आयात को बढ़ावा मिला है।
परिणामस्वरूप, टाटा स्टील ज्यादा वैल्यू वाले बाजारों पर ध्यान दे रही है और अपने ग्राहकों के लिए ज्यादा मजबूत और ज्यादा हल्के स्टील विकसित करने पर ज्यादा जोर दे रही है।
बिमलेन्द्र झा, एक्जीक्यूटिव चेयरमैन, लांग प्रोडक्ट्स यूरोप बिजनेस, ने कहा: “आज के प्रस्ताव अपने व्यवसाय को इस अत्यंत प्रतिस्पर्धी वैश्विक बाजार में अस्तित्व बचाने का सबसे अच्छा मौका देने की दिशा में उठाया गया अगला कदम हैं। फिर से लाभप्रदता की स्थिति हासिल करने हेतु हम लांग प्रोडक्ट्स यूरोप के सभी हिस्सों के प्रदर्शन पर बारीकी से गौर कर रहे हैं। ”
टाटा स्टील के कर्मचारियों और उनके ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों के साथ परामर्श की प्रक्रिया आज शुरू हो रही है।
टाटा स्टील की सहायक कंपनी यूके स्टील इंटरप्राइज यह प्रयास करेगी कि आज की घोषणा से प्रभावित स्थानीय समुदायों को अधिक से अधिक समर्थन दिया जा सके और उन इलाकों में नये रोजगार के सृजन को प्रोत्साहन मिल सके। पिछले चार दशकों के दौरान कंपनी ने £88 मिलियन पौंड की मदद के जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था में दोबारा जान फूँकी है एवं पूरे यू.के. में 75,000 से भी ज्यादा नये रोजगार सृजित किये।

