
जमशेदपुर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रवि शंकर ने कहा कि कन्याओं की सुरक्षा केवल धरती पर ही नहीं बल्कि कोख में भी सुनिश्चित करवाने का संकल्प समाज को लेना चाहिए। प्रांत प्रचारक पटमदा प्रखंड के बानकुचिया गाँव में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
यहाँ महानवमी के अवसर पर वनवासी कल्याण केंद्र के द्वारा तक़रीबन 1200 कुँवारी कन्याओं का पूजन किया गया। प्रांत प्रचारक रवि शंकर ने कहा कि कन्या की पूजा सिर्फ़ महानवमी को ही नहीं प्रत्येक दिन होनी चाहिये। उन्होंने महिलाओं के प्रति बढ़ते अत्याचार के प्रति चिंता ज़ाहिर की। इस मौक़े पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जमशेदपुर महानगर संघचालक व्ही नटराजन, वनवासी कल्याण केंद्र के रामनाथ सिंह और विश्व हिन्दू परिषद के अरुण सिंह मौजूद थे। इस भव्य आयोजन में हज़ारों की संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।

