
)
वरीय उपाध्यक्ष सीएस डोगरा समेत 18 कर्मचारी झुलसे
वरीय उपाध्यक्ष समेत तीन की हालत अत्यंत गंभीर, एक पखवारे के अंदर दूसरी घटना
संवाददाता
जमशेदपुरः गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित उषा मार्टिन कंपनी परिसर में बुधवार के लिए ब्लैक वेडनेस डे साबित हुआ. करीब एक बजे दिन में एसएमएस 3 के हॉट मेटल से भरे लेडल के पंक्चर हो जाने के कारण उषा मार्टिन कंपनी के उपाध्यक्ष सीएस डोगरा, वरीय पदाधिकारी आरके सिन्हा व एसएम गुहा समेत 18 कर्मचारी व अधिकारी गंभीर रूप से झुलस गये, जिनमें वरीय उपाध्यक्ष समेत तीन की हालत अत्यंत गंभीर बतायी जा रही है. सभी को टाटा मुख्य अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है. इस घटना से पूरी कंपनी में अफरा-तफरी मच गयी है. कंपनी में एक पखवारे के अंदर यह दूसरी घटना है. घटना बुधवार को करीब एक बजे दिन की बतायी जा रही है. कंपनी सूत्रों के अनुसार एसएमएस 3 में आम दिनों की भांति ही काम चल रहा था. वहां वरीय उपाध्यक्ष सीएस डोगरा भी गये हुए थे. साथ ही उनके साथ वरीय पदाधिकारी आरके सिन्हा व एसएम गुहा भी थे. साथ ही अन्य कर्मचारी भी काम मे लगे हुए थे. इसी बीच खौलता लोहा से भरा लेडल पंक्चर हो गया, जिससे खौलता लोहा बहने लगा. जब तक पदाधिकारी व कर्मचारी कुछ समझ पाते, तब तक वरीय उपाध्यक्ष सीएस डोगरा, वरीय पदाधिकारी आरके सिन्हा व एसएम गुहा समेत वहां मौजूद करीब एक दर्जन कर्मचारी भी इसकी चपेट में आ गये और झुलस गये. इस घटना के बाद पूरी कंपनी में अफरा-तफरी मच गयी. आनन-फानन में वरीय उपाध्यक्ष समेत सभी झुलसे पदाधकारियों व कर्मचारियों को टाटा मुख्य अस्पताल मे भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने तत्काल सभी को बर्न यूनिट में भेज दिया. टाटा मुख्य अस्पताल के सूत्रों के अनुसार श्री डोगरा, श्री सिन्हा व श्री गुहा की स्थिति नाजुक बनी हुई है. सभी का इलाज चल रहा है. कुछ कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया.

