
दोनों युवक कई बार पूर्व में जेल जा चुके हैं, सुपारी किलर के रूप में हैं विख्यात
दोनों के पास से एक पिस्तौल व एक जीवित कारतूस बरामद किया गया


जमशेदपुरः आदित्यपुर की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कांड्रा व सालडीह में छापामारी कर दो सुपारी किलरों भल्ला लोहार व वासुदेव कालिंदी को गिरफ्तार किया है. साथ ही उनके पास से एक पिस्तौल व एक जीवित कारतूस बरामद किया है. यह जानकारी आदित्यपुर के थाना प्रभारी ने दी है. पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि दोनों सुपारी किलर किसी हत्या की योजना बना रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने छापामारी की और दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भी आकाशवाणी चौक के समीप से पिस्तौल के साथ युवक गिरफ्तार हुआ था. पुलिस इसे लगातार दूसरी सफलता मान रही है.
गौरतलब है कि आदित्यपुर में एक बार फिर अपराधकर्मियों की गतिविधियां बढ गयी हैं. हालांकि बड़ी वारदात तो नहीं हो रही है, लेकिन अपराधियों की गतिविधियों के कारण आदित्यपुर में खौफ का माहौल बन रहा है. हालांकि पुलिस की सक्रियता से कई अपराधियों पर नकेल भी कसा गया है.

