
चेन्नई, 18 फरवरी। स्थानापन्न के तौर पर मैदान पर आए मोहम्मद रफी ने 88वें मिनट में एक शानदार गोल करते हुए रविवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के 16वें दौर के मुकाबले में मेजबान चेन्नयन एफसी को जमशेदपुर एफसी के हाथों हार से बचा लिया।
यह मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों ने एक-एक अंक बांटे। रफी 78वें मिनट में मैदान पर आए थे और आते ही उन्होंने कमाल कर दिया। रफी ने रेने मिहेलिक के पास पर गोल किया। मिहेलिक 68वें मिनट में स्थानापन्न के तौर पर मैदान पर आए थे।
इस एक अंक के साथ 2015 की चैम्पियन टीम 38 अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर मजबूत हुई है जबकि जमशेदपुर (26) ने पांचवें स्थान पर काबिज केरला ब्लास्टर्स (24) से दो अंक का फासला बना लिया है। वैसे बराबरी के इस मैच के बाद प्लेआॅफ की आस लगाए मुम्बई सिटी एफसी, केरला और एफसी गोवा ने राहत की सांस ली होगी।
इस मैच के शुरुआती 25 मिनट में कोई बड़ा हमला नहीं हुआ। दोनों टीमें मौके की तलाश में थीं। मैच का पेस भी धीमा था। 25वें मिनट में हालांकि मेहमान टीम ने एक बड़ा मौका बनाया। सुमित पासी ने बॉक्स में एक अच्छा क्रास दिया। फारुख चौधरी ने इनिगो काल्डेरान को छकाते हुए गोल करने का प्रयास किया लेकिन उनके प्रयास में कमी रह गई और इस तरह जमशेदपुर के हाथ से एक अच्छा मौका निकल गया।
मेहमान टीम को लगातार हमलों का फायदा 32वें मिनट में मिला, जब वेलिंग्टन प्रीओरी ने एक बेहतरीन गोल करते हुए मेहमानों को आगे कर दिया। प्रीओरी ने 25 गज की दूरी से एक झन्नाटेदार शॉट के माध्यम से यह गोल किया। यह गोल फ्रीकिक के बाद उपजे हालात का नतीजा था। फ्रीकिक को ठीक के क्लीयर नहीं किया गया और गेंद बॉक्स के बाहर प्रीओरी के पास गिरी, जिस पर उन्होंने कोई गलती नहीं की। यह आईएसएल के इस सीजन का 200वां गोल था।
मेजबान टीम इस हाफ में कोई भी मौका नहीं बना पाई। उसने पूरा ध्यान अपनी रक्षापंक्ति पर दिया। फारुख का प्रयास नाकाम होने के बाद उसने राहत की सांस ली थी लेकिन प्रीओरी ने धमाकेदार गोल करते हुए उसकी रणनीति पर पानी फेर दिया। दूसरे हाफ में मेजबान टीम ने मौके बनाने के प्रयास किए लेकिन हर बार डिफेंस में आंद्रे बिके और कप्तान टिरी ने उसे नाकाम कर दिया। अब तक मेजबान टीम टारगेट पर एक भी शॉट नहीं ले पाए थी।
मेजबान टीम ने 67वें और 68वें मिनट में दो बदलाव किए। जेमी गाविलान को बाहर कर मिहेलिक को अंदर किया गया और बिक्रमजीत सिंह के स्थान पर अनिरुद्ध थापा अंदर आए। इससे चेन्नई को मौके बनने की आस दिखी। हुआ भी ऐसा ही। एक अच्छे हमले में जेरी लालरिंजुआला गोल करने के चूक गए।
चेन्नई को इसके बाद हालांकि दो झटके लगे। 71वें मिनट में मेलसन आल्वेस को पीला कार्ड मिला और फिर 72वें मिनट में हेनरिक सेरेनो को पीला कार्ड मिला। इस दौरान हालांकि चेन्नई को एक के बाद एक तीन कार्नर मिले, लेकिन वह किसी का भी फायदा नहीं उठा सकी।
मेहमान टीम ने 74वें मिनट में पहला बदलाव किया। त्रिंदादे गोंकाल्वेस को बाहर कर इजु एजुका को अंदर किया गया। 76वें मिनट में मैच के स्टार प्रीओरी को पीला कार्ड मिला। ब्रेक के बाद जमशेदपुर ने बामुश्किल कोई मौका बनाया हो लेकिन चेन्नई की टीम बराबरी के लिए कई अच्छे प्रयास कर चुकी थी। मेजबानों ने 78वें मिनट में अपना अंतिम बदलाव किया और फ्रांसिस्को फर्नांदेस के स्थान पर मोहम्मद रफी को अंदर लाए।
रफी के लिए यह मशहूर है कि वह स्थानापन्न के तौर पर हमेशा गोल करते हैं और उन्होने 88वें मिनट में यह साबित भी कर दिखाया। रफी ने मिहेलिक के क्रास पर एक शानदार हेडर के जरिए गोल करते हुए चेन्नई को हार से बचा लिया। उनके इस गोल ने जमशेदपुर को निराश कर दिया, जो तीन अंक लेकर तीसरे स्थान पर जाती दिख रही थी लेकिन अब उसे चौथे स्थान पर ही रहना होगा।

