
मुंबई, 22 फरवरी। लूसियान गोइयान ने 24वें मिनट में एक आत्मघाती गोल कर मुम्बई फुटबाल एरेना में गुरुवार को खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के ‘करो या मरो’ के मुकाबले में मुम्बई सिटी एफसी के खिलाफ नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी को बराबरी दिलाई थी लेकिन इस अपराधबोध को खत्म करते हुए गोइयान ने इंजुरी टाइम में गोल करते हुए अपनी टीम को इस अहम मुकाबले में 3-2 से जीत दिला दी। इस जीत ने मुम्बई को प्लेआॅफ की दौड़ में बनाए रखा है।
इस नाटकीय मैच में एचिल इमाना ने 15वें मिनट में गोल करते हुए मेजबान टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई थी लेकिन गोइयान ने आत्मघाती गोल करते हुए मेहमानों को बराबरी का मौका दे दिया था। इसके बाद सम्बीन्हा ने 43वें मिनट में एक बेहतरीन गोल कर मेहमानों को आगे कर दिया था।
मुम्बई ने हालांकि 54वें मिनट में एवर्टन सांतोस की मदद से बराबरी कर ली लेकिन इसके बाद लगा कि उसकी अग्रिम पंक्ति सम्मान की लड़ाई लड़ रही इस सीजन की सबसे कमजोर टीमों मे से एक की रंक्षापंक्ति को नहीं भेद पाएगी और टूर्नामें से बाहर हो जाएगी लेकिन तभी गोइयान ने इंजुरी टाइम में राजू गायकवाड की मदद से गोल करते हुए अपनी टीम को नया जीवन दे दिया।
गोइयान के इस गोल ने मुम्बई को अंक तालिका में एक स्थान की छलांग दी है और अब वह 23 अंकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गया है। पांचवे स्थान पर काबिज केरला ब्लास्टर्स के 24 अंक हैं जबकि 21 अंकों के साथ एफसी गोवा सातवें स्थान पर खिसक गई है। हाईलैंर्ड्स इस लगातार सातवीं और 12वीं हार के साथ तालिका में सबसे नीचे हैं। उनके लिए प्लेआॅफ की दौड़ काफी पहले समाप्त हो चुकी थी।
शुरुआती 15 मिनट में कुछ हल्के-फुल्के मौके बनने के बाद मुम्बई ने 15वें मिनट में अपना पहला गोल किया। यह गोल एवर्टन की मदद से एचिल इमाना ने किया। इमाना ने एवर्टन से मिले डायगोनल पास पर दौड़ लगाई और मेहमान टीम के दो डिफेंडरों के छकाते हुए एक शानदर गोल किया। उनके इस प्रयास का न तो गुरसिमत सिंह गिल के पास जवाब था, न रोवलिन बोर्गेस के पास। नार्थईस्ट के गोलकीपर टीपी रेहनेश भी उनके इस प्रयास पर विफल दिखे।
इमाना का यह प्रयास 24वें मिनट में बेकार चला गया क्योंकि गोइयान ने एक आत्मघाती गोल करते हुए नार्थईस्ट को बराबरी दिला दी। माइक सेमा ने लेफ्ट फ्लैंक से गिल को एक अच्छा क्रास पास दिया। गिल ने जोरदार किक के जरिए गेंद को पोस्ट में डालने का प्रयास किया। गेंद ने दिशा पकड़ ली लेकिन गोइयान बीच में आ गए और बचाव की इसी प्रक्रिया में गेंद उनसे लगकर पोस्ट में चली गई।
28वें मिनट में गिल को पीला कार्ड मिला। इसके बाद 30वें मिनट में इमाना ने एक अच्छा मूव बनाते हुए गेंद एवर्टन को थमाई। एवर्टन गेंद लेकर तेजी से बॉक्स में घुसे और एक तेज शॉट लिया लेकिन इस बार रेहनेश सावधान थे और उन्होंने अपनी टीम को एक बार फिर पिछड़ने से बचा लिया।
35वें मिनट में गोइयान को पीला कार्ड मिला। मेहमान टीम ने 41वें मिनट में एक जोरदार हमला किया लेकिन लालरेम्पुइया फेनाई द्वारा मिले शानदार पास पर गोल नहीं कर सके जबकि वह बॉक्स में ऐसी स्थिति में थे, जब मुम्बई का कोई डिफेंडर उन्हें गार्ड नहीं कर रहा था। सिर्फ गोलकीपर उनके सामने था और तब भी वह चूक गए।
मेहमान टीम ने हालांकि दो मिनट बाद ही गोल करते हुए इस नुकसान की भरपाई कर ली। यह गोल सम्बीन्हा ने किया और लालरिंडिका राल्ते ने इसमें उनकी मदद की। राल्ते ने दाएं किनारे से एक अच्छा कार्नर लिया, जिस पर सम्बीन्हा ने हेडर के जरिए यह गोल किया।
इस तरह मेहमान टीम ने 2-1 की बढ़त के साथ पहले हाफ का समापन किया। नार्थईस्ट युनाइटेड ने दूसरे हाफ की शुरुआत में ही बदलाव किया। सम्बीन्हा को बाहर कर रीगन सिंह को को अंदर किया गया।
मुम्बई के लिए यह करो या मरो सरीखा मैच था और उसे किसी भी हाल में इसे जीतना था। मुम्बई को अपने लक्ष्य की प्राप्ति की ओर से एक बड़ी सफलता 54वें मिनट में उस समय मिली, जब एवर्टन ने राफा जोर्डा की मदद से गोल करते हुए उसे बराबरी पर ला दिया। एवर्टन ने जोर्डा के उस क्रास पर किया, जो जोर्डा के पास सेहनाज सिंह ने पहुंचाई थी। रेहनेश ने उसे रोकने के प्रयास किया लेकिन एवर्टन के तेज हेडर ने उन्हें छका दिया।
इसके बाद कई बदलाव हुए और कई हमले भी हुए लेकिन गोल होता नहीं दिख रहा था। नार्थईस्ट की टीम इस ड्रॉ से भी खुश थी लेकिन मुम्बई के लिए यह ड्रॉ काफी महंगा पड़ने वाला था। इसी बीच गोइयान ने राजू के सटीक पास पर रेहनेश को चौंकाते हुए मुम्बई को संजीवनी सरीखा दिखने वाले तीन अंक दिला दिए। इस तरह गोइयान ने आत्मघाती गोल का हिसाब जीत दिलाने वाले गोल से बराबर कर दिया।

