
:
रांची। अंधविश्वास के आगे एक बार फिर जिंदगी हार गई। घटना झारखंड की राजधानी रांची से सटे गांव की है। जहां पांच महिलाओं को डायन होने के शक में मार डाला गया। इसमें एक मां और बेटी भी शामिल हैं। वहीं पुलिस ने इस मामले में अब तक 50 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।फिलहाल गांव मांडर ब्लॉक के कंजिया मरई टोली में तनाव व्याप्त है और मौके पर डीआईजी समेत पूरा जाप्ता तैनात है। जानकारी के अनुसार गांव में चार बच्चों की मौत हो गई थी, जिसके बाद से ही इन महिलाओं पर डायन होने का शक जताया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात गांव में पंचायत बुलाई गई। यहां गांव की ही पांच महिलाओं पर डायन होने का आरोप लगाया गया। गांववाले महिलाओं को घर से कुछ दूर ले जाकर पीटने लगे। इसके बाद उन्हें भालों से गोदा और फिर पत्थर से कुचलकर उनकी हत्या कर दी।एक रिपोर्ट के मुताबिक, झारखंड में बीते दस साल में डायन बताकर करीब 1200 महिलाओं की हत्या की जा चुकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार गांववालों ने हत्या की बात कबूल कर ली है।



