
नई दिल्ली । रेल मंत्रालय ने अपनी नई अखिल भारतीय रेलवे समय सारणी, जिसे रेलगाडि़यों की एक झलक (टीएजी) 2015-16 कहा जाता है, जारी की है। यह समय सारणी कल अर्थात 01 अक्टूबर, 2015 से लागू हो जाएगी। रेलगाडि़यों की झलक के अलावा सभी 17 क्षेत्रीय रेलवे भी क्षेत्रीय रेलवे समय सारणियां (कुल मिलाकर 5 क्षेत्रीय समय सारणियां, प्रत्येक क्षेत्रीय समय सारणी में 3- 4 क्षेत्रीय रेलवे सेवाएं शामिल हैं) जारी कर रही हैं, जो 01 अक्टूबर, 2015 से ही प्रभावी होंगी। यात्रियों को यह सलाह दी जाती है कि वे 01 अक्टूबर, 2015 को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले नई समय सारणी और रेल के नये शुरू होने वाले ट्रर्मिनल स्टेशनों की जानकारी ले लें। नई रेलगाडि़यों की एक झलक 01 अक्टूबर, 2015 से भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.indianrailways.gov.in. पर भी उपलब्ध होगी।


रेलगाडि़यों की एक झलक- 2015 की मुख्य विशेषताएं इस प्रकार हैं:-
1. पिछले कुछ वर्षों के दौरान रेलगाडि़यों की उपभोक्ता अनुकूल विशेषताओं के बारे में जनता की प्रतिक्रिया से उत्साहित होकर रेलगाडि़यों की एक झलक में इन बातों को शामिल किया गया है- समय सारणी, रूट मैप, स्टेशन सूचनाओं को कैसे पढ़ना है, मुख्य स्टेशनों के मध्य रेलगाडि़यां, स्टेशन कोड सूचकांक, रेलगाड़ी संख्या सूचकांक, रेलगाड़ी नाम सूचकांक, यात्रियों के हितों एवं उपयोग के संबंध में वाणिज्यिक जानकारी- अग्रिम आरक्षण अवधि, इंटरनेट के माध्यम से आरक्षण, तत्काल योजना, रिफंड के नियम, आपदा प्रबंधन, रेल यात्रा रियायतें और खानपान सेवाएं।
2. विगत की भांति इस बार भी रेलगाडि़यों की एक झलक 2015 -16 के शुरुआती पृष्ठों में राजधानी, दुरन्तो, शताब्दी, जनशताब्दी, संपर्कक्रांति, डबलडेकर, युवा एक्सप्रेस का संक्षिप्त विवरण दिया गया है। कुछ हाल्टों को छोड़कर सभी दुरन्तों रेलगाडि़यों के परिचालन हाल्ट वाणिज्यिक स्टोपेज में बदल दिए गये हैं। जहां परिचालन हाल्ट नहीं थे उन्हें अब टीएजी 2015 -16 में शामिल किया गया है।
3. सतर्कता संगठन और लोक शिकायत मशीनरी को उपयुक्त रूप से अद्यतन करके इसमें शामिल किया गया है।
4. भारतीय रेलवे ने ऑन-लाइन जन शिकायत निवारण पोर्टल www.coms.indianrailways.com.in शुभारंभ किया है। जो वैब आधारित शिकायत और सुझाव अनुप्रयोग है। यात्री अब 9717630982 पर एसएमएस करके अपनी शिकायत/ सुझाव दर्ज कर सकते हैं।
5. 2015-16 के रेलवे बजट में किसी नई रेलगाड़ी चलाने, रेलगाड़ी के विस्तार और मौजूदा रेलगाडि़यों की आवृति बढ़ाने की घोषणा नहीं की गई है। फिर भी जनता की मांग और नई लाइनों के पूरे होने होने और कुछ लाइनों के गेज परिवर्तन को देखते हुए अभी हाल में शुरू की गई 6 नई एक्सप्रेस रेलगाडि़यों को भी इस समय सारणी में जगह दी गई है।
6. रेलगाडि़यों की समय की पाबंदी में सुधार लाने के लिए रेलगाडि़यों के पुराने समय में विचार विमर्श के बाद कुछ परिवर्तन किए गए हैं तथा कुछ क्षेत्रों जैसे- जम्मू, दिल्ली, पटना, न्यूजलपाईगुड़ी और बैंगलुरू क्षेत्र में टर्मिनलों में भी परिवर्तन किए गए हैं। संशोधित समय/ टर्मिनलों को टीएजी 2015-16 में शामिल किया गया है।
7. रेलगाडि़यों की गति बढ़ाना- यात्री जनता की भलाई के लिए कुछ रेलगाडि़यों की गति (अर्थात यात्रा समय घटाना) बढ़ाई गई है।
8. रेलगाडि़यों के नम्बरों में बदलाव- मुख्य रख रखाव डिपों के शिफट होनें या रेलगाडि़यों की गति बढ़ने के कारण उनके सुपर फास्ट होनें से कुछ रेलगाडि़यों के नंबर बदल गए हैं। जिन्हें नई समय सारणी में अद्यतन कर दिया गया है।
9. रेलगाडि़यों के नाम- 12723/12724 हैदराबाद – नई दिल्ली ए पी एक्सप्रेस को अब तेलंगाना एक्सप्रेस का नया नाम दिया है। 17035/17036 सिकंदराबाद- सिरपुर कागजनगर को कागजनगर एक्सप्रेस नाम दिया गया है। 22415/22416 विशाखापटनम- नई दिल्ली को अब नया नाम आंध्र प्रदेश एसी एक्सप्रेस दिया गया है। इसके अलावा, कुछ रेलगाडि़यों को भी नया नाम दिया है जैसे अणुव्रत एक्सप्रेस, लीलन एक्सप्रेस, लोकनायक एक्सप्रेस, सुशासन एक्सप्रेस, योग एक्सप्रेस, क्रिया योग एक्सप्रेस को भी नई समय सारणी में शामिल किया गया है।

