
जमशेदपुर।


सोनारी एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे अल्केमिस्ट एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के एक प्लेन का उड़ान भरने से पहले ही आगे का चक्का खुल गया। इससे प्लेन रनवे पर ही क्रैश हो गया। हालांकि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
डबल इंजन वाले छह सीटर पाइपर स्नैका प्लेन का मेंटेनेंस किया गया। इसके बाद टेस्ट फ्लाइंग के लिए उसे रनवे पर उतारा गया, लेकिन जैसे ही पाइलट कैप्टन एके सिंह ने एक्सीलेटर (थ्रोटल) दबाया। प्लेन का अगला चक्का अंदर घुस गया। इस कारण प्लेन रनवे पर कुछ दूर घिसटता हुआ आगे बढ़ा। दुर्घटना के समय एविएशन कंपनी के ऑपरेटर मृणाल कांति पॉल प्लेन में ही मौजूद थे, लेकिन दोनों को कोई चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद प्लेन रनवे पर ही खड़ा था। मंगलवार सुबह डीजीसीए की टीम दुर्घटना की जांच करेगी।
सूत्रों की माने तो इस दुर्घटना से एविएशन कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। लेकिन, असली आंकड़ा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मालूम चल पाएगा। लेकिन, शुरुआती जांच में पता चला कि दुर्घटना के कारण दोनों इंजन के प्रोपेलर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
एविशन कंपनी के निदेशक मृणाल कांति पॉल ने दावा किया कि उन्हें टेस्ट फ्लाइंग की अनुमति थी। इसके लिए उन्होंने कोलकाता से फ्लाइंग इंफॉरमेशन सेंटर (एफआईसी) व एयर डिफेंस कंट्रोल (एडीसी) में फ्लाइंग प्लान डाला था और इसकी अनुमति उन्हें मिली थी।

