
जमशेदपुर।


मंत्री सरयू राय ने कदमा बागे बस्ती में अग्निकांड से जले घरों की मरम्मत के लिए अपने कोष से प्रति परिवार 15 हजार रुपए देने की घोषणा की है। रेड क्रॉस सोसाइटी ने भी प्रभावित परिवारों को 3000-3000 की सहायता देने की घोषणा की है। सोसाइटी के सचिव विजय सिंह ने आज मंत्री सरयू राय से मुलाकात के बाद यह घोषणा की। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने आज बागे बस्ती का दौरा किया जहां कल आगजनी में 26 घर जलकर खाक हो गए थे और तीन लोगों की मौत हो गई थी। श्री राय ने आज जमशेदपुर पहुंचते ही सबसे पहले बस्ती का दौरा किया। वह कल घटना के बाद से ही वहां की स्थिति का जायजा ले रहे थे और अपने कार्यकर्ताओं को अग्निकांड से पीड़ित लोगों को राहत पहुंचाने और उन्हें भोजन देने एवं ठंड से बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ले रहे थे। आज मंत्री के बस्ती पहुंचते ही पीड़ित लोगों ने उन से मदद की गुहार लगाई। लोगों ने बताया तो उनका सब कुछ जलकर खाक हो गया। यहां तक कि पहचान के कागज और बैंक के दस्तावेज भी नष्ट हो गए हैं। मंत्री ने उन्हें बताया कि बैंकों से बात कर उन्हें डुप्लीकेट पासबुक निर्गत कराया जाएगा। जिनके वाहनों का बीमा था और बीमा कंपनियों से बात कर उन्हें बीमा का भुगतान कराया जाएगा। इसके अलावा मंत्री ने उपायुक्त से बात कर कहा कि वे टाटा कंपनी से बात करें यदि टाटा कंपनी अनापत्ति प्रमाण पत्र दे देती है, तो वहां सरकारी आवास योजना के अंतर्गत बस्ती निवासियों के लिए घर बनाया जाएगा।

