
जमशेदपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी द्वारा रक्तदान महायज्ञ के आयोजन की तैयारियां जोरों पर है, 6 अक्टूबर विश्व रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे इस रक्तदान महायज्ञ की सफलता के लिए एक रक्तदान प्रोत्साहन बैठक का आयोजन मंगलवार 3 अक्टूबर की संध्या 5 बजे उपायुक्त सह अध्यक्ष अमित कुमार की अध्यक्षता में रखी गयी है,
जिसमें शहर के रक्तदान से जुड़ी सामाजिक संस्थाओं, कारपोरेट घरानों , समाजसेवियों को आमंत्रित किया गया है ताकि रक्तदान महायज्ञ के आयोजन को सफल बनाया जा सके और विश्व रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस रक्तदान महायज्ञ के माध्यम से पीड़ित मानवता की सेवा के लिए रक्त की मात्रा आवश्यकतानुसार एकत्रित की जा सके। बैठक के सम्बन्ध में रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस सोसाईटी सिर्फ एक संस्था नहीं बल्कि सहयोग का एक केन्द्र है जहां सभी संस्थाओं के सहयोग से पीड़ित मानवता की सेवा के कार्य को किया जाता है। उन्होने कहा कि रेड क्रॉस का उद्देश्य शहर को रक्तदान के मामले इस तरह जागरुक बनाना है ताकि हर जरुरतमंद को बिना किसी परेशानी के आसानी से रक्त उपलब्ध हो सके और हर युवा जो अपना 18वर्ष पुरा कर अपने 19वां जन्मदिन मना रहे हों वह युवा रक्तदान के साथ अपने जन्मदिन को यादगार बनाएं। उन्होने सभी सामाजिक संस्थाओं, रेड क्रॉस के पेट्रन सदस्यों, समाजसेवियों एवं रक्तदान शिविर में सहयोग करने वालों से आग्रह किया है कि वे 3 अक्टूबर को संध्या 5 बजे रेड क्रॉस भवन में आयोजित बैठक में शामिल होकर रेड क्रॉस के रक्तदान अभियान को और सशक्त बनाएं।



