संवाददाता
जमशेदपुरः नक्सलियों द्वारा रात्रि 12 बजे से बंदी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. एएसपी अभियान शैलेंद्र कुमार वर्णवाल ने बताया कि नक्सली बंदी को देखते हुए एनएच 33 पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. इसके साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पड़नेवाले थाना के प्रभारियों को अतिरिक्त दिशा निर्देश दिया गया है. साथ ही अतिरिक्त पुलिस पेट्रोलिंग करने का आदेश दिया गया है. उन्होंने कहा कि खास कर नक्सल प्रभावित थाना श्यामसुंदरपुर, बहरागोड़ा, चाकुलिया, पोटका, बोड़ाम, पटमदा आदि थानों में पुलिस की विशेष व्यवस्था रहेगी. किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है. गौरतलब है कि 25 मई से नक्सलियों ने बंदी की घोषणा की है. बताया जाता है कि पिछले दिनों हजारीबाग में एक नक्सली को गिरफ्तार किया गया था, जिसकी रिहाई की मांग पर बंदी का आह्वान किया है.



