
सुलभ द्वारा बनाये गए इस शौचालय का उद्घाटन अगले हफ्ते संभव


जमशेदपुर। जमशेदपुर के कदमा में जल्द ही सेंट्रली एयरकंडीशंड सार्वजनिक शौचालय आम लोगों के लिए उपलब्ध होगा। सुलभ इंटरनेशनल के सौजन्य से लगभग 50 लाख की लागत से बनाये जा रहे इस शौचालय का निरीक्षण शुक्रवार को जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने किया। संजय कुमार ने सुलभ के अभियंता संतोष शर्मा एवं सुलभ प्रबंधन से जुड़े अन्य अधिकारीयों को 5 जनवरी से पहले उद्घाटन करवाकर आम लोगों के लिए उपलब्ध करवाने को कहा। तय हुआ कि अगले सप्ताह ही इसे खोल दिया जायेगा। सुलभ के अभियंता ने संजय कुमार को बताया कि यह सार्वजनिक शौचालय झारखण्ड का पहला पूर्णतया वातानुकूलित सार्वजनिक शौचालय होगा। इसमें सेंट्रल एसी अधिष्ठापन का कार्य मंगलवार तक कर लिया जायेगा।
15 सीटों का है यह शौचालय
सुलभ के अभियंता ने विशेष पदाधिकारी को बताया कि शौचालय की कुल 15 में से 7 सीट पुरुष, 6 महिला,1 दिव्यांग और 1 बच्चों के लिहाज से बनाई गयी है।
तीन मॉडुलर पब्लिक टॉयलेट का निर्माण छायानगर, ग्वालाबस्ती और हिन्द आश्रम वर्मा माईंस में भी अंतिम चरण में है उन्हें जल्द ही आम जनता के लिए खोल देने के लिए संजय कुमार ने सुलभ को निदेश दिया। संजय कुमार ने आधा दर्जन अन्य सार्वजानिक शौचालयों का निरीक्षण किया जिसमे से बारीडीह बाजार और धतकीडीह रेडिओ मैदान के सार्वजनिक शौचालय का 4 दिनों में जीर्णोद्धार करने का निदेश क्रमशः सिटी मैनेजर शकील मेंहदी और जुस्को को दिया।

