
जमशेदपुर।
देशभर में भारी विरोध के बीच गुरुवार को पद्मावत फिल्म रिलीज हो गई. वहीं झारखंड में भी फिल्म के रिलीज़ होने के बाद झारखंड क्षत्रिय संघ की ओर से आंदोलन को वापस ले लिया गया है. इतना ही नहीं झारखंड क्षत्रिय संघ ने पद्मावत फिल्म के रिलीज का समर्थन किया है. हालांकि इससे पहले लगातार झारखंड क्षत्रिय संघ और झारखंड क्षत्रिय युवा संघ फिल्म का विरोध कर रहा था. इस क्रम में कई आंदोलन भी किए गए थे. झारखंड क्षत्रिय संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह ने कहां कि सेंसर बोर्ड से पारित होने के बाद पद्मावत फिल्म में कोई भी दृश्य क्षत्रिय समाज को ठेस नहीं पहुंचाता है. वहीं उन्होंने कहा कि करणी सेना और भाजपा की मिलीभगत से राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फिल्म का पुरजोर विरोध किया जा रहा है .प्रदेश अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह ने कहा कि राजस्थान और मध्यप्रदेश में चुनाव होने वाले हैं इसे लेकर करणी सेना और भाजपा ट्वेंटी-20 का खेल खेल रही है जिसके तहत यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, जबकि झारखंड क्षत्रिय संघ इस विरोध में अब कहीं भी शामिल नहीं है. इससे पूर्व गुरुवार सुबह सरायकेला जिले के आदित्यपुर , आरआईटी और गम्हरिया पुलिस ने संयुक्त रूप से प्रदेश अध्यक्ष शंभुनाथ सिंह के आदित्यपुर स्थित आवास पर पहुंचकर उन्हें घर में ही घंटो रोके रखा और नज़रबंद कर दिया।



