
जमशेदपुर।


केरल में भयंकर बाढ़ से आयी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के सहायतार्थ उपायुक्त अमित कुमार के आह्वाहन पर जमशदेपुर के संवेदनशील नागरिकों द्वारा कुल 9,64,841 रूपए राशि का सहयोग किया गया। उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर रुपए 7,95,001 राशि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष में और 1,69,840 रू0 केरला चीफ मिनिस्टर डिस्ट्रस रिलीफ फंड में भेजा गया। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों रेड क्रास भवन में केरल में भयंकर बाढ़ से आयी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के सहायतार्थ उपायुक्त की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी। उपायुक्त ने जमशेदपुर वासियों सेे केरल में आए प्राकृतिक आपदा से पीड़ित लोगों को सहयोग करने की अपील की थी। उपायुक्त के आह्वान पर जमशेदपुरवासियों ने इस पुनीत कार्य में बढ़ चढ़ कर अपना योगदान दिया। उपायुक्त नेे केरल के पीड़ित लोगों के सहायतार्थ जमशेदपुर वासियों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उपायुक्त ने कहा कि लौहनगरी के नाम से प्रसिद्व जमशेदपुर के लोगों के सीने में दिल धड़कता है जो किसी के दर्द को न केवल महसूस करता है बल्कि उसके मदद के लिए हर संभव प्रयास भी करता है।

