
मानगो, आजादनगर, एमजीएम व उलीडीह थानों को छोड़ कर बाकी क्षेत्रों में दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक कर्फ्यू में दी गयी ढील


रांची एडीजी एसएन प्रधान, कोल्हान आयुक्त अरुण कुमार, डीआईजी आरके धान समेत कई आला अधिकारियों ने ली पल-पल की खबर
जमशेदपुरः बुधवार को शहर में अर्द्ध सैनिक बलों ने शहर के विभिन्न भागों में फ्लैग मार्च किया. इसका नेतृत्व एडीजी एसएन प्रधान, कोल्हान आयुक्त अरुण कुमार, सीआरपीएफ के कमांडेंट संजय कुमार, डीआईजी आरके धान, डीसी डॉ अमिताभ कौशल, एसएसपी अनूप टी मैथ्यू आदि ने किया. फ्लैग मार्च मुख्य रूप से मानगो, आजाद नगर, दाईगुट्टू, जवाहनगर, डिमना रोड, उलीडीह आदि क्षेत्रों में किया गया.
शहर में बुधवार को दिन भर शांति बनी रही. किसी प्रकार की कोई अप्रिय वारदात की सूचना नहीं मिली. शहर में वाहनों का आवागमन नहीं के बराबर था. चप्पे – चप्पे में पुलिस की तैनाती की गयी थी. तनावग्रस्त क्षेत्र तो छावनी में तब्दील हो गया था.
गौरतलब है कि प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता व तनाव को देखते हुए बीती रात में साढ़े दस बजे के बाद से ही कर्फ्यू लागू कर दिया था. 11 बजे रात में बाकायदा वाहन से प्रशासन ने घोषणा भी करा दी थी. साथ ही करीब तीन दर्जन अर्द्ध सैनिक बलों व राज्य पुलिस की कंपनियां भी बुला ली गयी थीं. साथ ही बिहार से भी दो कंपनी रैफ की बुलायी गयी थी, जिस कारण शहर के चप्पे-चप्पे में इसकी तैनाती करा दी गयी थी.
दिन के एक बजे से शाम पांच बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गयी
शहर की स्थिति को सामान्य देखते हुए जिला प्रशासन ने मानगो, एमजीएम, आजानगर व उलीडीह थानों को छोड़ कर बाकी थाना क्षेत्रों में दिन के एक बजे से शाम पांच बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गयी. इसकी घोषणा प्रशासन ने बारह बजे दिन में की. ढील के दौरान बड़ी संख्या में लोग-बाग निकले और खरीदारी आदि की. ढील के दौरान किसी प्रकार की घटना नहीं हुई. स्थिति सामान्य रही.
सब्जी दुकानों व बाजारों में रही खरीदारी की भीड़
कर्फ्यू में ढील के दौरान सब्जी बाजार में अत्यधिक भीड़ देखी गयी. साथ ही बाजारों में भी भीड़ दिखी. लोग-बाग भारी संख्या में खरीदारी करते दिखे. आलू की बिक्री काफी हो रही थी. साथ ही अन्य दैनिक जरूरतों के सामानों की बिक्री भी अधिक हुई.
दिन भर हाइवे जाम रहा
कर्फ्यू के कारण राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 33 में दिन भर की जाम की स्थिति बनी रही. दोनों ओर से भारी संख्या में वाहनों की लंबी कतार लग गयी थी. ट्रक, ट्रेलर तथा अन्य भारी वाहन जहां-तहां फंसे रहे जिससे अफरा-तफरी मची हुई थी.
लंबी दूरी की बसें नहीं चलीं
कर्फ्यू के कारण शहर से लंबी दूरी की बसें नहीं चलीं और न ही बाहर से लंबी दूरी की बसें आयीं, जिस कारण यात्री हलकान रहे. जयप्रकाश सेतु, मानगो बस अड्डा ठहरा सुनसान रहा. यहां से सैकड़ों बसों का आवागमन होता है, जो पूरी तरह से ठप रहा.
स्कूल-कॉलेज बंद रहे
जैसा कि पूर्व में ही प्रशासन ने घोषणा कर रखा था कि बुधवार को कॉलेज व सरकारी व गैर सरकारी स्कूल बंद रहेंगे, सो कॉलेज व स्कूल बंद थे. स्कूलों व कॉलेजों में सन्नाटा पसरा रहा.
एडीजी ने शांति बनाये रखने की अपील की
एडीजी एसएन प्रधान ने शहर के लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की.उन्होंने कहा कि उनके पास पयार्प्त पुलिस बल व अर्द्ध सैनिक बल की टुकड़ियां हैं. उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार के अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की.
शहर के सभी पेट्रोल पंप बंद रहे
शहर के सभी पेट्रोल पंप बंद रहे. वाहनों का आवागमन भी नहीं के बराबर था. जिनके पास परिचय पत्र था, जो ड्यूटी वाले थे, वे ही शहर में आवागमन कर रहे थे. जो लोग निकले भी वे आदित्यपुर के पेट्रोल पंपों से पेट्रोल लिया, जिस कारण यहां का पेट्रोल खत्म हो गया.

