
11 घंटे में शौचालय बनकर हुआ तैयार
नवविवाहिता को नहीं जाना होगा खुले में शौच
जमशेदपुर। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार ने पहल करते हुये मुसाबनी में एक शादी वाले घर में महज 11 घंटे में शौचालय बनवाकर वधू को शौचालय के रूप में अनूठा उपहार दिया। सोमवार को संजय कुमार यहां बदिया गांव में आयोजित शादी समारोह में वधू सुनीता को शौचालय निर्माण की बधाई और शादी की शुभकामनायें देने पहुंचे थे। दरअसल संजय कुमार को इस शादी के 1 दिन पहले ही यानि कल ही यह पता चला था कि शादी वाले इस घर में शौचालय नहीं है तो उन्होंने अपने स्तर पर पहल करते हुए 1 दिन में शौचालय निर्माण का कार्य करवाया। बीती रात 12 बजे से उक्त शौचालय निर्माण का काम शुरु हुआ जोकि आज 11 बजे बनकर तैयार हो गया। संजय कुमार ने शौचालय बनाने वाले राजमिस्त्री गोराई माहली को पुरस्कार स्वरूप 500 रु राशि की चैक दी। अच्छी बात यह रही कि इस कार्य में संजय कुमार के आग्रह पर स्नीथाय ग्रामीणों के अलावा दूल्हा व दुल्हन के रिश्तेदारों ने भी श्रमदान किया। उनके इस कदम पर वर वधु सहित रिश्तेदार और ग्रामीणों ने ख़ुशी व्यक्त की। संजय कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घर में शौचालय निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिक काम समझे। विशेषकर शादी समारोह से पूर्व घर में शौचालय जरूर बनवाये। यह किसी भी बहू बेटी के लिए सबसे बड़ा उपहार और सम्मान है। इस मुहिम में मुखिया दुलारी मुर्मू, समाजसेवी गणेश नायर, सौरभ चक्रवर्ती आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

