
गम्हरिया।


मुख्यमंत्री जन संवाद में इंडेन गैस वितरण में अनियमितता की शिकायत के आलोक में उपायुक्त के निर्देश पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी बृजेन्द्र कुमार द्वारा शुक्रवार को जांच की गई। इस दौरान उन्होंने 50 से अधिक उपभोक्ताओं से पुछताछ कर शिकायत की सत्यता के संदर्भ में जानकारी हासिल किया। इस दौरान गैस वितरण में अनियमितता की शिकायत की पुष्टि नहीं हो पाई। एमओ ने बताया कि बोलायडीह के जगन्नाथपुर निवासी उमेश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री जन संवाद में स्थानीय इंडेन गैस डीलर के खिलाफ गैस वितरण में अनियमितता की शिकायत की गई थी। इस संदर्भ में बड़ा गम्हरिया काली मंदिर रोड, ऊपरपाड़़ा, नामोपाड़़ा, बाँकापाड़ा, बलरामपुर, जगन्नाथपुर, न्यू काॅलोनी, आदर्शनगर समेत कई क्षेत्रों के करीब 50 से अधिक उपभोक्ताओं से गैस वितरण से संबंधित जानकारी ली गई। गैस डीलर कार्यालय के बाहर भी उपभोक्ताओं का बयान कलम बंद किया गया। उपभोक्ताओं द्वारा गैस वितरण में सरकार के नियमों का अनुपालन किए जाने की बात सामने आई। गैस डीलर केपी इंडेन के निदेशक कालीपदो सोरेन ने कहा कि उनकी व्यावसायिक छवि को धूमिल करने एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को गुमराह करने के लिए मुख्यमंत्री जन संवाद में शिकायत की गई है। उन्होंने गैस वितरण में आइओसी के नियमों का शत प्रतिशत अनुपालन करने की बात कही।

