
गम्हरिया।


कान्ड्रा के लाहाकोठी कालिंदी बस्ती में रेलवे की जमीन पर वर्षों से बसे लोगों को रेलवे द्वारा आगामी 10 नवम्बर तक स्वतः अतिक्रमण हटा दिए जाने के नोटिस के बाद लोगों में हड़कंप मच गया है। गरीब अधिकार मंच के बैनर तले उक्त बस्ती में बसे लोगों द्वारा मंगलवार को विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर मंच के अध्यक्ष विन्देश्वरी भारती ने बताया कि एक ओर केन्द्र व राज्य सरकार गरीबों को विभिन्न आवास योजनाओं के माध्यम से बसाने की घोषणा कर रही है। वहीं रेलवे द्वारा वषो्रं से बसे गरीब लोगों को घर उजाड़कर उन्हें बेघर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि इससे उक्त बस्ती के करीब 300 घरों को खाली करने का नोटिस दिया गया है जिससे करीब 15 सौ लोग प्रभावित होंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, भूमि सुधार मंत्री, उपायुक्त तथा सीओ को पत्र भेजकर इन गरीब लोगों को बसाने का आग्रह किया गया था किन्तु उनकी ओर अबतक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि इसका जोरदार विरोध किया जाएगा और डीसी व अंचल कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा। विदित है कि इससे पूर्व भी रेलवे द्वारा स्टेशन परिसर में दूकान लगाकर जीविकोपार्जन करने वाले दूकानदारों को अपनी दूकानें हटाने का नोटिस जारी किया गया था। इस मौके पर सुकलाल कालिंदी, रुबीया खातुन, गोपाल कालिंदी, सुनील कालिंदी, एमडी नाजीर, सुखराम कालिंदी, ढ़ोली कालिंदी, सोमवारी कालिंदी समेत काफी संख्या में बस्ती के महिला, पुरुष व बच्चे उपस्थित थे।

