
गम्हरिया।


जन वितरण प्रणाली की दुकान से राशन नहीं मिलने से आक्रोशित जयकन पंचायत के कार्डधारियों द्वारा गम्हरिया प्रखंड कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्डधारियों द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी को पंचायत के शोभापुर गाँव की माँ दूर्गा महिला समिति पीडीएफ दूकान के खिलाफ ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि कार्रवाई नहीं किए जाने पर उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस दौरान कार्डधारियों ने बताया कि प्रखंड के जयकन पंचायत के शोभापुर एवं आदित्य प्रतापपुर गाँव के करीब चार सौ बीपीएल कार्डधारियों को विगत अगस्त माह का राशन अभी तक नहीं दिया गया है। इस कारण कार्डधारियों ने सितम्बर माह का राशन लेने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जविप्र दूकानदार द्वारा चीनी एवं केरोसिन का भी अनियमित वितरण किया जाता है। बताया गया है कि दूकानदार द्वारा प्रत्येक माह पाँच या छह दिन ही दुकानें खोली जाती है। राशन कार्ड में विगत आठ महीने से बच्चों का नाम नहीं जोड़ा जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि चावल, गेहूँ नहीं मिलने से गरीब तबके के लोगों के समक्ष खाद्यान्न की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। इस मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण व उपस्थित थे।

