
कान्ड्रा, गम्हरिया के पंडालों में उमडी श्रद्धालुओं की भीड़


गम्हरिया>
महाअष्टमी पूजन के साथ ही क्षेत्र के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का तांता लग गया है। श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मां दुर्गे की भक्ति में सभी लीन हो गए हैं। माता जगदम्बे की स्तुति एवं अखंड चंडीपाठ से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। आकर्षक ढंग से सजाए गए पंडालों में माता की प्रतिमा का दर्शन करने श्रद्धालूओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रातःकाल से ही महाष्टमी पूजनोत्सव को लेकर पंडालों में महिला श्रद्धालूओं की भीड़ दोपहर तक जुटी रही। क्षेत्र के प्रमुख पंडालों में टायो काॅलोनी तथा छोटा गम्हरिया मे बना पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। छोटा गम्हरिया में विगत 40 वर्षों से पूजनोत्सव का आयोजन किया जाता है। वर्ष 1978 में पूर्व सांसद सुनील महतो द्वारा इसकी स्थापना की गई थी जिसे वर्तमान में उनके अनुज सुसेन महतो के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। बोलायडीह के पूंजीडूंगरी में तथा जगन्नाथपुर बलरामपुर में शिवमंदिर दुर्गापूजा समिति द्वारा भी आकर्षक पंडाल का निर्माण किया गया है। वहीं, प्रखंड परिसर में स्थापित पूजा पंडाल में आकर्षक मां दुर्गे की प्रतिमा को देखने दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों का तांता लगा हुआ है। टीचर्स ट्रेनिंग मोड पर अवस्थित जन कल्याण दुर्गापूजा समिति पंडाल में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड उमड पडी है। कांड्रा बाजार, एसकेजी काॅलोनी पंडालों में भी श्रद्धालुओं की भीड उमडी है।

