
सरायकेला।


होली के दिन जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के राममढैया बस्ती में अपराधी रतन लोहार की पीट पीट कर हत्या कर दी।वह हाल ही जेल से बेल पर रिहा हुआ था। होली के मौके पर रतन लोहार राममड़ैया बस्ती पहुंचा था। वहां बस्ती के लोगों से कहासुनी हो गई। इस दौरान रतन के साथ आए कुछ लोगों ने बस्तीवासियों को हथियार दिखा धमकी दी। जिस कारण बस्ती के लोग उग्र हो गए और रतन लोहार के ऊपर जानलेवा हमला कर दिए। रतन भागकर डब्ल्यू टाइप कॉलोनी स्थित मकान संख्या 8 की छत पर चढ़ गया। लेकिन, लोग वहां भी पहुंच गए और पीट-पीटकर मार डाला।
घटनाक्रम के संबंध में बताया जाता है कि होली के दिन दोपहर तकरीबन 3:00 बजे सजायाफ्ता अपराधी रतन लोहार अपनी गाड़ी से बस्ती पहुंचा और जबरन बस्ती में प्रवेश करना चाह रहा था, जबकि बस्ती के लोग पूर्व से ही उसका विरोध करते आ रहे हैं। इसी क्रम में होली के दिन स्थानीय राममड़ैया बस्ती के सैकड़ों लोग और रतन लोहार में हाथापाई हो गई। जिसके बाद सभी ने रतन पर हमला कर दिया और उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से बरामद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि मृतक रतन लोहार के परिजन उग्र होकर पुलिस पर अनदेखी का आरोप लगा रहे हैं।

