
सरायकेला-खरसावां।


जिला के हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर राजनगर के समीप केशरगाडिया के समीप शुक्रवार सुबह शौच कर टहल रहे तीन युवकों को पीछे से रौंद डाला। इसमें लखन बोयपाई नाम के एक 18 वर्षीय युवक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक अर्दन देवगम गंभीर रूप से घायल है। जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया गया। तीसरे युवक दुर्गा देवगम को किसी तरह की कोई चोट नहीं लगी है। घटना के बाद मुआवजा एवं सड़क पर ब्रेकर लगाने की माग को लेकर लोगों ने सड़क जाम किया है। सुबह के छह बजे से 10:30 बजे जाम लगा ही हुआ था। लोग बीडीओ से तत्काल बीस हजार रुपए मुआवजा दिलाने की माग कर रहे हैं। जिसके लिए लोग पुलिस को शव उठाने नहीं दे रहे थे। बीडीओ के पहुंचने के बाद जाम हटा। आपसी सहयोग से मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया गया। इधर इस दुर्घटना के बाद दस किमी दूर राजनगर की ओर रिलायंस पेट्रोल पंप पर गाड़ी खड़ी कर चालक भाग गया। चालक का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न थानों की पुलिस से संपर्क साध रही है। गाड़ी नंबर से वाहन चालक व मालिक का पता लगाने में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक राजनगर प्रखंड के ही रेंगडगढ़ के रहने वाले हैं। सुबह गांव से शौच करने के लिए दूसरे गांव केशरगड़िया की ओर ेनिकले थे। खुले में शौच करने के बाद ये युवक हाता-चाईबासा मार्ग पर टहल रहे थे। इसी दौरान ट्रेलर ने युवकों को रौंद दिया।

