
सरायकेला। गम्हरिया थाना परिसर में जिले का प्रथम ट्रेफिक थाना का उदघाटन कोल्हान के पुलिस उप महानिरीक्षक कुलदीप द्विवेदी ने विधिवत फीता काटकर किया। इस मौके पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जिले के लिए आज का दिन गौरवशाली एवं ऐतिहासिक है। कहा कि ट्रैफिक नियमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाकर जागरुकता लाने की आवश्यकता है जिसमें समाज के सभी प्रबुद्ध लोगों के सहयोग की जरुरत है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था कारगर ढंग से लागू नहीं रहने के कारण दुर्घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। ट्रैफिक नियम को सख्ती से लागू करने के लिए जिले में इस तरह के थाने की आवश्यकता थी। डीआइजी ने कहा कि कई लोग ट्रेफिक नियमों का उल्लंघन करने पर खुशियां मनाते हैं। अब उनके उपर कानून का चाबुक चलाने के लिए सिस्टम को कारगर बनाया गया है। इस मौके पर उपस्थित एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि वर्तमान में गम्हरिया थाना परिसर में ही ट्रैफिक थाना खोला गया है। आदित्यपुर में भवन निर्माण के बाद इसे वहाँ स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इस मौके पर एएसपी प्रियरंजन कुमार, मुख्यालय डीएसपी दीपक कुमार, एसडीपीओ अविनाश कुमार, चांडिल एसडीपीओ संदीप भगत, गम्हरिया थाना प्रभारी जय प्रकाश राणा समेत जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी व स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



