
सर्द हवाओं और हल्की बूंदाबांदी ने राजधानी में सोमवार को कनकनी बढ़ा दी। अचानक ठंड बढ़ने से नववर्ष के दूसरे दिन पिकनिक स्पॉट पर जाने वालों की संख्या में कमी आयी, जो लोग पिकनिक स्पॉट पर पहुंचे थे वह भी ठंड से परेशान दिखे। राजधानी के अलावा राज्य के अन्य जिलों में कोहरा छाया रहा। झारखंड के अन्य जिलों जैसे चतरा, गिरिडीह, जमशेदपुर, पलामू में भी सोमवार को हल्की बारिश से ठंड में इजाफा हुआ है। दिनभर आसमान में बादल छाये रहने से भी लोगों को ठंड का एहसास हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मंगलवार को भी रांची में ठंड का असर दिखेगा। गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी और बिहार में एक अपर एयर सायक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसलिए भी लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को रांची का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। विभाग के अनुसार मंगलवार को भी आसमान में बादल रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। गौरतलब है कि रांची में सबसे अधिक ठंढ जनवरी में ही पड़ती है।


