
रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस में बड़ा फेरबदल किया गया है। विधायक सुखदेव भगत को पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर पूर्व सांसद और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ अजय कुमार को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं आलमगीर आलम कांग्रेस विधायक दल के नेता बने रहेंगे।



कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जर्नादन द्विवेदी द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि संगठन की मजबूती के लिए जोनल को-कॉर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है। इसमें रमा खलखो, अशोक चौधरी, कमलेश महतो, सुल्तान अहमद और भीम कुमार को शामिल किया गया है। वहीं सुबोधकांत सहाय के नेतृत्व में कैम्पेन कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें सदस्य के रुप में डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, राजेंद्र सिंह, सुखदेव भगत, फुरकान अंसारी, चंद्रशेखर दूबे, मन्नान मल्लिक, गीताश्री उरांव, दुलाल भुइयां और बन्ना गुप्ता शामिल है।
प्लानिंग एवं स्ट्रेटजी कमेटी के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव को बनाया गया है और इस कमेटी के संयोजक सरफराज अहमद होंगे। सदस्य के रूप में मुमताज अहमद, आलोक दूबे, अमिताभ रंजन को शामिल किया गया है। अनुशासनात्मक समिति के चेयरमैन तिलकधारी सिंह होंगे, सदस्य ओपी लाल व गुलफाम मुजिबी होंगे।
को-ऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष केएन त्रिपाठी होंगे, डीएन चंपिया, हरि राम व राजेंद्र प्रताप देव सदस्य होंगे। घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता को बनाया गया है, तपेश्वर नाथ मिश्रा व विनोद किस्फोट्टा सदस्य होंगे। चुनाव कैंपन मेटेरियल कमेटी के अध्यक्ष धीरज साहू होंगे, सदस्य मदन मोहन शर्मा और केश्वर इकबाल खान व नरेंद्र लाल गोपी होंगे।
मीडिया एंड कम्युनिकेशन कमेटी के चेयरमैन प्रदीप तुलस्यान होंगे और सदस्य के रूप में राजीव रंजन, राजेश ठाकुर और किशोर शाहदेव को शामिल किया गया है।

