
मैट्रिक में लड़के अव्वल, इंटर में लड़कियां


मैट्रिक में 71.20 और इंटर साइंस में 63.88 तथा काॅमर्स में 73.99 प्रतिशत छात्र सफल
रांची,
झारखंड एकेडमिक कौंसिल का मैट्रिक और इंटर (साइंस और काॅमर्स) का रिजल्ट सोमवार को जैक सभागार में जारी किया गया। झारखंड विधानसभाध्यक्ष दिनेश उरांव और मानव संसाधन विकास मंत्री डाॅ नीरा यादव ने संयुक्त रुप से रिजल्ट जारी किया। इस साल मैट्रिक में 71.20 और इंटर साइंस में 63.88 प्रतिशत छात्र सफल रहे हैं। काॅमर्स में सफल रहनेवाले छात्रों का प्रतिशत 73.99 है। तुलनात्मक रुप से देखें तो सबसे अच्छा रिजल्ट काॅमर्स का रहा है। इस वर्ष 455829 छात्रों ने मैट्रिक की परीक्षा दी थी और उसमें से तीन लाख चैैबीस हजार पांच सौ अस्सी छात्र सफल रहे हैं। इंटर साइंस में 79385 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी उनमें से 50,718 सफल रहे हैं। इंटर काॅमर्स में 49,072 छात्र परीक्षा में बैठे थे और उनमें से 36,309 सफल रहे हैं।
मैट्रिक में लड़के अव्वल, इंटर में लड़कियां
मैट्रिक की परीक्षा में इस साल लड़के अव्वल रहे हैं। उनकी सफलता का प्रतिशत 73.91 रहा है वहीं लड़कियां 68.46 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रही हैं। इंटर में लड़कों को लड़कियों ने पछाड़ दिया है। इंटर साइंस में पास होनेवाले छात्रों का प्रतिशत 63.20 प्रतिशत और लड़कियों का 65.84 प्रतिशत रहा है। इंटर काॅमर्स में 69.49 प्रतिशत लड़के सफल रहे हैं। वहीं लड़कियों की सफलता का प्रतिशत 81.80 रहा है।
पहली बार एक साथ रिजल्ट जारी
गौरतलब है कि राज्य में पहली बार एकसाथ मैट्रिक और इंटर का रिजल्ट जारी किया गया है। नौ अप्रैल को मैट्रिक और इंटर की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन खत्म हुआ था और 18 दिन बार रिजल्ट जारी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के कुलगीत से हुआ। इसके बाद स्वागत ज्ञान हुआ। कार्यक्रम में मानव संसाधन विकास विभाग की सचिव अराधना पटनायक, माध्यमिक शिक्षा निदेशक मनीष रंजन, जैक अध्यक्ष डाॅ आनंद भूषण समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान विधानसभाध्यक्ष दिनेश उरांव और शिक्षामंत्री डाॅ नीरा यादव नेे जैक के संस्थापक अध्यक्ष और दिवंगत शालिग्राम यादव को श्रद्धांजलि दी।
जैक में असफल छात्रों की काउंसिलिंग आज से
मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में असफल रहने वाले छात्रों की कांउसिलिंग मंगलवार से शुरु हो जायेगी। रिनपास के मनोवैज्ञानिक उनकी काउंसिलिंग करेंगे। सोमवार को रिजल्ट जारी करने से पहले ये बातें जैक अध्यक्ष आनंद भूषण ने कहीं। उन्होंने कहा कि जैक की ओर से जारी किए गए टाॅल फ्री नंबर पर छात्र और गार्जियन मनोवैज्ञानिकों से सलाह ले सकते हैं। गौरतलब है कि परीक्षा में फेल होनेवाले छात्रों के लिए पहली बार यह व्यवस्था जैक कर रहा है।
आॅनलाइन व्यवस्था शुरु करेगा जैक
श्री भूषण ने कहा कि इस साल सेे जैक उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए आॅनलाइन व्यवस्था शुरु करेगा। इस नई व्यवस्था में शिक्षक कंप्यूटर के माध्यम से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेेंगे और उन्हें रोल नंबर भी नहीं पत रहेगा। आॅनलाइन उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करनेवाला झारखंड देश का पहला राज्य होगा। उन्होंने कहा कि इस बार सीसीटीवी कैमरे के जरिए मूल्यांकन के काम की माॅनीटरिंग भी की गई है। परिषद का अपना कुलगीत और ध्वज भी है।

