गम्हरिया
—–
स्कूल चलें-चलाएँ अभियान को सफल बनाने हेतु शनिवार को प्रखंड के पद्मपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रांगण से मोटरसाईकिल जागरुकता रैली निकाली गई। इस रैली को मुख्य रुप से उपस्थित जिला उपायुक्त के श्रीनिवासन तथा क्षेत्र शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संगीता सहाय ने हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। उक्त रैली में प्रखंड के व्ििरभन्न विद्यालयों के काफी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। यह रैली विद्यालय प्रांगण से निकलकर रायबासा, दुग्धा, सीतारामपुर डैम, आरआईटी व कई गाँव होते हुए आदित्यपुर स्थित कस्तुरबा गाँधी आवासीय विद्यालय पहुँचकर सम्पन्न हुई। इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि इस रैली का मुख्य उद्येश्य लोगों को अपने बच्चों को सकूल में नामांकन कराने हेतु जागरुक करना है। उन्होंने कहा कि जिले में अबतक 87 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। किन्तु इसे शत्-प्रतिशत पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि सरायकेला जिले में सभी साधन उपलब्ध हैं। यहाँ बड़ी-बड़ी कंपनियाँ हैं। इसके बावजूद स्थानीय लोगों को इसलिए रोजगार नहीं मिल पा रहा है कि अभी भी वे शिक्षा से काफी दूर हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही समाज में बदलाव संभव है। अतः हमें अपने बच्चों को शिक्षित करने की जिम्मेवारी लेनी होगी। इस मौके पर विद्यालय में दो बच्चों का उपायुक्त द्वारा नामांकन कर उनकों पोशाक व पाठ्य पुस्तक दिया गया। इस मौके पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मृगेन्द्र बायरा, पंकज कुमार, सोमेन दास, अर्जुन सिंह, रतन कुमार सिंह, अमरेन्द्र कुमार सिंह, हेमंत श्रीवास्तव समेत सभी संकुल व प्रखंड साधनसेवी, शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित थे।


