
रामनाथ कोविंद को 65.65 फीसदी वोट हासिल हुए हैं। जबकि यूपीए उम्मीदवार मीरा कुमार को 35.34 फीसदी वोट मिले।


नई दिल्ली।20जुलाई
रामनाथ कोविंद देश के अगले राष्ट्रपति होंगे। एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद ने यूपीए की प्रत्याशी मीरा कुमार को लगभग 3 लाख 34 हजार वोटों के अंतर से हराया। कोविंद को 65.65 फीसदी वोट हासिल हुए हैं। जबकि मीरा कुमार को 35.34 फीसदी वोट मिले। कोविंद देश के 14वें राष्ट्रपति होंगे। कोविंद की जीत के बाद पीएम मोदी ने उनसे मिलकर बधाई दी। पीएम मोदी के साथ अमित शाह और अनंत कुमार भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद रामनाथ कोविंद मीडिया से मुखातिब हुए। कोविंद ने जीत के बाद कहा कि यह मेरे लिए भावुक पल है। उन्होंने कहा ‘यह मेरे लिए भावुक क्षण हैं। मैं विश्वास दिलाता हूं कि सर्वे भवंतु सुखिनः के भाव के साथ निरंतर लगा रहूंगा। यह भारतीय परंपरा की महानता का प्रतीक है। मुझे यह जिम्मेदारी दिया जाना उस हर व्यक्ति के लिए उदाहरण है जो ईमानदारी से मेहनत करता है।’ कोविंद ने यूपीए उम्मीदवार मीरा कुमार को शुभकामनाएं भी दी।
वहीं मीरा कुमार ने रामनाथ कोविंद को जीत की बधाई देते हुए कहा ‘मैं कोविंद जी को शुभकामनाएं देना चाहती हूं कि वह चुनौतीपूर्ण समय में संविधान का गरिमा को बनाए रखें। जिस विचारधारा की लड़ाई के लिए मैं आगे आई थी वह आज खत्म नहीं हुई है। आप सबने हमेशा साथ दिया है, आप सबको धन्यवाद।‘
कोविंद को जीत की बधाई
कोविंद की जीत के एलान के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया है। सत्तापक्ष से लेकर विरोधी दलों के नेताओं ने बधाई संदेश भेजे। पीएम मोदी, अमित शाह समेत तमाम नेताओं ने कोविंद को जीत की बधाई दी है।

