
नई दिल्ली।


रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. भारतीय रेल जुलाई से सुविधाओं से लैस डबल-डेकर ट्रेन उदय एक्सप्रेस शुरू करेगी. इसका किराया 3 एसी की तुलना में कम होगा. साथ ही इसमें यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा जाएगा. आराम से बैठने वाली कुर्सियों से सुसज्जित, 120 सीटों वाले एसी डिब्बे में स्वचालित मशीनों से यात्रियों को खाना और चाय कोल्ड ड्रिंक परोसा जाएगा.
उदय सेवा दिल्ली-लखनऊ जैसे अधिक मांग वाले मार्गों पर चलेगी और नियमित मेल एक्सप्रेस ट्रेनों में 3एसी श्रेणी की तुलना में इसका किराया कम होगा.सभी डिब्बे में वाई-फाई स्पीकर प्रणाली से लैस बड़े पर्दे वाले एलसीडी लगे होंगे. रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि डबल डेकर उदय में 3एसी की तुलना में कम किराए में यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया करायी जाएगी.
इस ट्रेन में अन्य ट्रेनों की तुलना में 40 प्रतिशत अधिक यात्रियों को ले जाने की सुविधा होगी जिससे अधिक मांग वाले मार्गों पर भीड़ को कम करने में मदद मिलेगी. हालांकि, अधिकारी ने बताया कि रात की सेवा होने के बावजदू इसमें स्लीपर बर्थ नहीं होगा लेकिन इसमें कई अतिरिक्त सुविधाओं के साथ यात्रा को सहज बनाने का प्रयास किए किये हैं. इस ट्रेन की घोषणा रेल बजट 2016-17 में की गयी है जिसके व्यस्त रहने वाले मार्गों पर 110 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने की उम्मीद है.

