
संवाददाता जामताड़ा


न्याय यात्रा के दौरान झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने जमकर भाजपा पर प्रहार किया. भाजपा पर लोकतंत्र और संविधान की हत्या करने का आरोप लगाया. यात्रा के क्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान मरांडी ने जमकर भाजपा पर हमला किया. झारखंड में सरकार गठन के दौरान हुए लोकतंत्र और संविधान के साथ हुए खिलवाड़ पर झाविमो ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है.
झाविमो सुप्रीमो ने यात्रा के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. मरांडी के संबोधन में भाजपा के राज्य से लेकर केंद्र तक के शीर्षस्थ नेता निशाने पर रहे. मरांडी जमकर भाजपा और रघुवर सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा की संविधान के अनुच्छेद १० का सरासर भाजपा ने उल्लंघन किया है. सिद्धांत की बात कहने वाली भाजपा ने स्वार्थ सिद्धि के लिए झाविमो विधायक को बड़ी कीमत देकर तोड़ने का काम किया है. अगर सिद्धांत पर भाजपा रहती तो पहले बागी विधायकों को इस्तीफा दिलवाकर चुनाव लडाने का काम करती. लेकिन भाजपा ने जो कदम उठाया है वह लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार करने वाली है.उन्होंने जनता के बीच जाकर मामले को रखने की बात कहते हुए दल बदल कानून का धज्जी उड़ने का आरोप भाजपा पर लगाया है. साथ ही इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने की भी बात कही.

