
जमशेदपुऱ।
मंत्री सरयू राय ने कहा कि शासन और प्रशासन ने भारत सरकार के आह्वान पर उनके कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा के साथ सम्पादित किया है। अपने स्वच्छता अभियान की सफलता के लिए हम सन्तोष व्यक्त कर सकते हैं। वे मानगो में अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के जीवन के अनेक पहलुओं में से एक को सार्थक करने का संकल्प हमारे प्रधानमंत्री ने लिया और स्वच्छता के इस सन्देश को एक अभियान के रूप में निरन्तर चलाया जा रहा है। साथ ही गांधी जी के जीवन के अन्य व्यावहारिक पक्षों को भी आत्मसात करने की आवश्यकता है। स्वच्छता को संस्कार के रूप में विकसित करने की आवश्यकता उन्होंने बतायी।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि अपने कार्यों से उन्होंने साबित कर दिया कि लोगों के लिए प्रति सेवा के संकल्प को अपने जीवन में उतार कर व्यक्ति बड़े काम कर सकता है।
इस अवसर पर उपायुक्त अमित कुमार ने कहा कि आज के समय में महात्मा गांधी के जीवन आदर्श और स्वप्न हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। देश को आगे ले जाने के प्रति राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की दृष्टि के आधार पर केन्द्र एवं राज्य सरकारें विभिन्न योजनाओं को क्रियान्वित कर रही हैं।बापू ने समता का शंखनाद किया था और उनका एकमात्र स्वप्न भारत में रामराज्य की स्थापना करने का था। ऐसा समाज जिसमें से सबको समान अधिकार प्राप्त हों। गांधी जी के सपनों के भारत का निर्माण करने की संयुक्त जवाबदेही हम सबकी है। आप तमाम लोगों के समन्वित प्रयासों से केन्द्र और राज्य सरकारों के द्वारा चलायी जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं से और उनमें भागीदारी सुनिश्चित करते हुये हम सभी उनके सपनों का भारत बनायेंगे।
अमित कुमार ने कहा कि जिले के सभी शहरी निकाय खुले में शौच मुक्त हो चुके हैं और पूरे प्रदेश में भी सभी नगर निकाय ओडीएफ बन गये हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 148वीं जयन्ती के अवसर पर सरकार की ओर से यह सौगात है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए चलाये जा रहे कार्यक्रम भी इसी प्रकार सफलीभूत होंगे। इस अवसर पर उपायुक्त ने गांधी जी के आदर्शों एवं सन्देश को अपने जीवन में चरितार्थ करने की उम्मीद व्यक्त करते हुए देश और राज्य की तरक्की के लिए प्रतिबद्ध होने की अपील की।
इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक अनूप टी. मैथ्यू, उप विकास आयुक्त सूरज कुमार, अपर उप समाहर्ता सुनील कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी प्रभात कुमार तथा अन्य अतिथि उपस्थित थे।

