
जमशेदपुर। गुरुवार को जेएनएसी के अधिकारीयों ने साकची स्ट्रेटमाइल रोड का सर्वे कर इसे जाम मुक्त बनाने के उपायों को तलाशा। संजय मार्किट के पास बाहर मैन रोड पर बैठे पत्ता विक्रेताओं को अन्यत्र उपयुक्त जगह देकर शिफ्ट करने , पत्ता बाजार से बाराद्वारी मोड़ तक स्ट्रेट माइल रोड के दोनों साइड पर नो पार्किंग या टो अवे जोन बनाने जैसे विकल्पों पर स्थानीय दुकानदारों से राय ली गयी। सर्वे में पता चला कि पत्ता बाजार में कुल 22 दुकानदार सड़क किनारे बैठकर पत्ता, दातून या अन्य वनोत्पाद बेचते हैं। विशेष बात यह भी है कि इन 22 में से 20 दुकानदार महिलाएं हैं। विशेष पदाधिकारी संजय कुमार के प्रस्ताव पर उक्त सभी महिला विक्रेताओं ने स्वयं भी सड़क से हटकर अन्यत्र कही जगह देने की मांग रखी। संजय कुमार ने कहा कि थर्माकोल की प्लेट और कटोरी के विकल्प के रूप में पत्तों से निर्मित पत्तल, दोना/ ठोंगा आदि के उत्पादन, बिक्री और उपयोग को बढ़ावा देने के लिए इन पत्ता व्यवसायियों को बेहतर वातावरण देने की जरुरत है। उक्त सभी महिला दुकानदारों को मिलाकर कोई सहकारी समिति या महिला स्वयं सहायता समूह बनाकर न केवल वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी बल्कि एक क्लस्टर के रूप में इनके व्यवसाय को पुनर्वासित स्थान उपलब्ध करवाया जायेगा। संजय कुमार ने नगर प्रबंधकों और उक्त महिलाओं के साथ आसपास कई वैकल्पिक स्थानों को भी देखा जहाँ इनको सड़क से हटाकर शिफ्ट किया जा सके।
जाम से भी मिलेगी मुक्ति
महिलाओं द्वारा संचालित इन पत्ता दुकानों को स्ट्रेटमाइल रोड सड़क किनारे की बजाय कही अन्यत्र शिफ्ट करने से न केवल महिलाओं के कौशल विकास और सशक्तिकरण की दिशा मे प्रयास संभव होगा बल्कि शहर के सबसे व्यस्ततम मार्ग माने जाने वाले इस रोड से जाम की समस्या भी घटेगी। क्योंकि पत्ता बाजार के चलते लगभग पूरे दिन जाम जैसे हालत रहते हैं। जेएनएसी की योजना है कि स्ट्रेटमाइल रोड को सुगम बनाया जाए।

