
जमशेदपुर।
के. निशान सेवा ट्रस्ट को मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने एक लाख रुपये की वित्तीय अनुदान स्वीकृत की है। यह अनुदान ट्रस्ट द्वारा किये गए समाजोपयोगी सेवा कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए प्रदान की गयी है। के.निशान सेवा ट्रस्ट द्वारा शहर के प्रतिभावान युवाओं को प्रतिवर्ष नृत्य, फैशन एवं नाटक के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता प्रदर्शित करने हेतु बड़ी मंच भी मुहैया कराई जाती है। संस्था द्वारा सामाजिक विषयों के निमित्त जागरूकता अभियान भी चलाये जाते रहे हैं। पिछले दिनों ट्रस्ट की ओर से माननीय मुख्यमंत्री से वित्तीय सहायता प्रदान करने की अपील की गयी थी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी इस आशय में सहयोग किया। मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान राशि के तहत ट्रस्ट को एक लाख रुपये की राशि प्रदान की गयी है। रविवार सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने अपने आवासीय कार्यालय में इस आशय की चेक के.निशान ट्रस्ट के सदस्यों को सौंपी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रतिभावान युवाओं को प्रोत्साहित करने और सामाजिक सरोकार निभाने में ट्रस्ट के प्रयास अनुकरणीय है। कहा कि आगे भी संस्था को हर संभव सहायता सुलभ कराने का प्रयास होगा। इस दौरान ट्रस्ट की एकता जायसवाल, के.निशान, संदीप कुमार मौजूद थें। ट्रस्ट के सदस्यों ने मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास एवं भाजपा जिलाध्यक्ष के प्रति कृतज्ञता जाहिर किया।

