
दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न, जमशेदपुर में स्वच्छता मिशन को मिली नई ऊर्जा
ऑनसाइट कचरा निस्तारित करने वाली सोसायटियों को संपत्ति कर में मिलेगी छूट
जमशेदपुर। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की तरफ से ऑनसाइट कम्पोस्टिंग विषय पर साकची के एक होटल में चल रही दो दिवसीय तकनीकी कार्यशाला का समापन हुआ। मंगलवार को दूसरे दिन के सत्र का उद्घाटन जुस्को के एमडी आशीष माथुर, जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार, मानगो के विशेष पदाधिकारी राजेंद्र गुप्ता और जुगसलाई के विशेष पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। श्री माथुर ने कहा कि जमशेदपुर को स्वच्छ बनाने में हर नागरिक को ईमानदारी से स्वच्छता के प्रति ईमानदार होना पड़ेगा। अपना घर साफ करने के लिए पडोसी के घर के पीछे या खुली सड़क पर कूड़ा फेकने की प्रवृत्ति को ख़त्म करके ही स्वच्छता का लक्ष्य हासिल होगा। संजय कुमार ने कहा कि बड़े आवासीय परिसरों, होटलों, छात्रावासों आदि में लोकल कम्पोस्टिंग के माध्यम से ऑनसाइट कूड़ा निस्तारण करने की व्यवस्था अपनाकर अपने भवन को ” ग्रीन बिल्डिंग, क्लीन बिल्डिंग” बनायें। बताया कि जो भवन अपने यहाँ कचड़े का स्थानीय पृथक्करण या लोकल कम्पोस्टिंग करेंगे उन्हें ठोस कचड़ा प्रबंधन नियम 2016 के तहत नगर निकाय संपत्ति कर में 5 से 10 प्रतिशत की छूट देंगे। संजय कुमार की अपील पर 5 आवासीय सोसायटियों, 2 होटलों तथा 1 अस्पताल ने अपने यहाँ लोकल कम्पोस्टिंग व्यवस्था अपनाने की वचनबद्धता जाहिर की। सेमीनार में बंगलुरु, पुणे, कोलकाता तथा गुड़गांव की कंपनियों ने प्रेसेंटेशन दिया। इस अवसर पर मानगो तथा जुगसलाई के विशेष पदाधिकारियों ने भी जेएनएसी की तर्ज पर ऐसा ही जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। कम्पोस्टिंग की दिशा में काम करने वाले या अभिरूचि रखने वाले 10 लोगों को संजय कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सामूहिक स्वच्छता शपथ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उक्त कार्यशाला में चारों नगर निकायों के नगर प्रबंधक , आरडब्लूए, होटल, अस्पताल आदि के प्रतिनिधि मौजूद थे।

