
भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन, प्लास्टिक दाना और मैन्युफैक्चरिंग प्लांट मिला
जमशेदपुर। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष अधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में साकची रिफ्यूजी कालोनी स्थित एक पॉलीबैग निर्माण करने वाले मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पर छापेमारी की गयी। मौके पर दो मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, 1500 किलोग्राम प्लास्टिक दाना, 75 किलोग्राम हैंडल युक्त पॉलिथीन तथा कई कुंतल बिना हैंडल वाले पॉलीबैग मिले। उक्त कार्रवाई एक गोपनीय सूचना की पुष्टि के बाद की गयी। व्यवसायी के पास किसी प्रकार का ट्रेड लाइसेंस भी नहीं मिला। विशेष पदाधिकारी के निदेश पर सिटी मैनेजर रंजन पांडेय तथा साकची थाना के एएसआई वी प्रसाद ने जब्ती सूची तैयार कर नमूने के तौर पर लगभग 5 बोरा पॉलिथीन जब्त कर ली जबकि शेष स्टॉक को फैक्ट्री मालिक के जिम्मेनामा में कारखाने में ही छोड़ दिया गया। संजय कुमार ने कहा कि लगातार अभियान चलाये जाने के बावजूद सरे बाजार में पॉलिथीन का निर्माण, स्टॉक और विक्री किया जाना निश्चित ही दुस्साहस भरा कदम है। इस बावत विभाग से मार्गदर्शन माँगा जा रहा है, ताकि जुरमाना के साथ साथ कड़ी कार्रवाई की जा सके। अभियान में साकची थाना का पुलिस बल और जेएनएसी उड़नदस्ता दल के जवान शामिल रहे।

