
जमशेदपुर।मानगो पेयजल परियोजना को सुचारू रुप से चलाने के लिये तथा इसके बेहतर रखरखाव के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक आगामी 8 अक्टूबर को होगी. यह बैठक जमशेदपुर पश्चिम के विधायक और झारखंड सरकार में मंत्री सरयू राय की पहल पर बुलायी गयी है.
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री श्री चंद्र प्रकाश चौधरी, नगर विकास विभाग के मंत्री श्री सी.पी. सिंह और मंत्री श्री सरयू राय के अलावा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की सचिव श्रीमती आराधना पटनायक और नगर विकास विभाग के सचिव श्री अजय कुमार सिंह के साथ ही अन्य अधीनस्थ अधिकारी भी शामिल रहेंगे.
आज कैबिनेट की मीटिंग मे सरयू राय ने मानगो पेयजल परियोजना के लचर संचालन और परियोजना संचालन के लिए नियुक्त संवेदक द्वारा अचानक संचालन बंद कर देने से मानगोवासियों को जिउतिया जैसे पावन पर्व के समय हुई कठिनाइयों का विषय उठाया और कहा कि 100 करोड़ रूपये ख़र्च होने के बाद भी परियोजना के सुचारू संचालन के लिये अभी तक ठोस उपाय नहीं हुआ है. नगर विकास विभाग और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की आपसी खींचतान में शहरी जलापूर्ति खस्ताहाल है.
बैठक में तय किया जायेगा कि मानगो पेयजल परियोजना को चलाने में किसकी क्या ज़िम्मेदारी होगी. अभी मानगो पेयजल परियोजना का दूसरा फेज भी शुरू होनेवाला है. घरेलू कनेक्शन देने में भी परियोजना काफ़ी पीछे है. करीब 17000 नया कनेक्शन देने के लक्ष्य के विरूद्ध मात्र 1300 कनेक्शन ही विगत दो वर्षों में हो पाये हैं। फेज -2 के सुदृढीकरण के उपरांत परियोजना को सही ढंग से चलाने का बंदोबस्त अभी करना आवश्यक है.



